flydubai फ्लाइट के कॉकपिट में भिड़ने वाले पायलट निकले रूसी-यूक्रेनी, कैसे हुई हाईजैक अलर्ट के बाद लैंडिंग
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान ने सऊदी अरब के ऊपर दो आपातकालीन संकेत भेजे, जिनमें से एक हाईजैक का था।
HighLights
फ्लाईदुबई विमान ने सऊदी अरब के ऊपर आपातकालीन संकेत भेजे।
कॉकपिट में रूसी और यूक्रेनी पायलटों के बीच लड़ाई हुई।
हाईजैक अलर्ट के बाद विमान तबुक में सुरक्षित उतरा।
डिजिटल डेस्क, तेल अवीव। दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के एक यात्री विमान ने सऊदी अरब के ऊपर दो डिस्ट्रेस सिग्नल (आपातकालीन संकेत) भेजे। इनमें से एक संकेत विमान के हाईजैक होने की ओर ओर इशारा करता था। बाद में पता चला कि यह घटना पायलटों के बीच हुई लड़ाई की वजह से हुई थी और इनमें एक पायलट रूसी तो दूसरी यूक्रेनी था।
टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट में फ्लाइट ट्रैकिंग सिस्टम के हवाले से बताया गया कि प्लेन ने शुरू में कोड 7700 भेजा, जिसका मतलब है सामान्य आपातकालीन स्थिति। इसके कुछ ही देर बाद, फ्लाइट ने कोड 7500 का सिग्नल दिया। यह कोड फ्लाइट में गैर-कानूनी दखल, जिसमें विमान का हाईजैक होना भी शामिल हो सकता है का एक अंतरराष्ट्रीय संकेत है।
एक्टिव हुई इजरायल की वायुसेना
इसके बाद प्लेन ने सऊदी अरब के ऊपर अपना रास्ता बदल लिया। इजरायली मीडिया के अनुसार, मदद का सिग्नल मिलने के बाद इजरायली वायु सेना के लड़ाकू विमानों को भेजा गया। बाद में प्लेन सऊदी अरब के शहर तबुक में सुरक्षित रूप से उतरा। इजरायली टीवी चैनल N12 के अनुसार, प्लेन के हाईजैक होने की बात की पुष्टि नहीं हुई। अलार्म बजने की वजह कॉकपिट में दो पायलटों के बीच हुई लड़ाई थी।
एक पायलट रूस का तो दूसरा पायलट यूक्रेन का
इस रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि पायलटों में से एक रूसी मूल का था और दूसरा यूक्रेनी। हालांकि, एन12 ने उनकी नागरिकता के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। टीवी चैनल के अनुसार, उड़ान के दौरान एक पायलट बेहोश हो गया था। लैंडिंग के बाद दोनों को फ्लाइट से उतार दिया गया।
इससे पहले, इजरायली पत्रकार अमित सेगल ने बताया था कि अलार्म सिग्नल मिलने के बाद कुछ समय के लिए विमान से संपर्क टूट गया था, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां इस घटना से जुड़ी सभी संभावनाओं की जांच कर रही थीं।
यह भी पढ़ें: 'प्लेन हाईजैक नहीं हुआ', fly dubai के विमान डायवर्जन पर बोला इजरायल; पायलटों ने भेजा था इमरजेंसी सिग्नल
