विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूक्रेन का रूस पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला, एक रात में दागे 1,336 ड्रोन; कर्च ब्रिज और तेल डिपो को पहुंचा नुकसान

Published: Mon, 16 Nov 2026 09:24 PM (GMT+05:30)

यूक्रेन ने रूस पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया, जिसमें कर्च ब्रिज और रोस्तोव क्षेत्र के अजोव स्थित तेल डिपो को निशाना बनाया गया।

यूक्रेन का रूस पर सबसे बड़ा ड्रोन हमला (फोटो-रॉयटर्स)

यूक्रेन का रूस पर सबसे बड़ा ड्रोन हमला (फोटो-रॉयटर्स)

HighLights

  1. यूक्रेन ने रूस पर 1,336 ड्रोन से सबसे बड़ा हमला किया।

  2. कर्च ब्रिज और अजोव तेल डिपो को ड्रोन हमलों से नुकसान पहुंचा।

  3. यूक्रेन में रूसी हमलों से बिजली संकट, परमाणु दुर्घटना का खतरा।

डिजिटल डेस्क, मॉस्को। रूस को क्रीमिया प्रायद्वीप से जोड़ने वाले कर्च ब्रिज पर यूक्रेन ने एक बार फिर हमला किया है। इस बार समुद्र के ऊपर बने इस ब्रिज पर ड्रोन से हमला किया गया। रूस के अनुसार हमले से ब्रिज को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है और उससे होकर वाहनों का आवागमन जारी है।

रविवार-सोमवार की रात यूक्रेन ने रूस पर लगभग पांच वर्ष के युद्धकाल का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया। इस हमले में 1,336 हमलावर ड्रोन रूस के 16 इलाकों में छोड़े गए लेकिन इससे हुए नुकसान का ब्योरा सामने नहीं आया है।

यूक्रेन का हिस्सा रहे क्रीमिया पर 2014 में कब्जे के बाद रूस ने कर्च स्ट्रेट के ऊपर 19 किलोमीटर लंबे इस ब्रिज का निर्माण कराया था। रूस और क्रीमिया को सड़क और रेलमार्ग से जोड़ने वाला यह अकेला साधन है। युद्ध के दौरान इस ब्रिज पर सबसे पहले 2022 में हमला हुआ था तब इसे ज्यादा नुकसान हुआ था। उसके बाद मरम्मत के लिए कई महीने तक वाहनों के आवागमन के लिए इसे बंद रखा गया था। लेकिन इसके बाद हुए हमलों में ब्रिज को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ।

क्रीमिया के गवर्नर सर्गेई अकस्योनोव ने बताया है कि ताजा हमले के चलते ब्रिज के जरिये आवागमन कुछ घंटों के लिए रोका गया लेकिन नुकसान के आकलन के बाद इसे पुन: वाहनों के लिए खोल दिया गया। यूक्रेन ने दावा किया है कि उसके हमले में रूस के रोस्तोव क्षेत्र में स्थित अजोव शहर के बड़े तेल डिपो को नुकसान हुआ है और उसमें आग लग गई है। इस डिपो से यूक्रेन में लड़ रही रूसी सेना को ईंधन की आपूर्ति होती थी।

जबकि रूस के यूक्रेन पर ताजा हमले से छह और इलाकों में बिजली का संकट पैदा हो गया है। यूक्रेन के उप ऊर्जा मंत्री अर्टेम नेक्रासोव ने कहा है कि रूस ने एक सप्ताह में यूक्रेन के बिजली, तेल और गैस ठिकानों पर कुल 116 हमले किए। इन हमलों से 161 संयंत्रों-सुविधाओं को नुकसान हुआ है।

यूक्रेन के ऊर्जा संयंत्रों पर बड़े पैमाने पर रूसी हमलों के मद्देनजर यूरोपीय संघ, अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा और जापान में परमाणु खतरे का आकलन और दुर्घटना से बचाव के लिए कार्य करने वाली संस्थाओं ने बड़े परमाणु दुर्घटना की आशंका जताई है। कहा है कि रूसी हमलों से यूक्रेन के ज्यादातर इलाके बिजली संकट से जूझ रहे हैं।

ये हमले और बढ़े तो जपोरीजिया समेत यूक्रेन के सभी चार परमाणु बिजलीघरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है जिससे उनमें दुर्घटना का खतरा पैदा हो सकता है। विदित हो कि परमाणु संयंत्रों में लगे रिएक्टरों को ठंडा रखने के लिए बड़ी मात्रा में बिजली की जरूरत होती है जो वहां पर बाहर से आपूर्ति की जाती है।

(न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।