यूक्रेन ने 2,400 किलोमीटर दूर लीबिया के बेनगाजी में डुबोया रूसी युद्धपोत, सात समुद्री ड्रोन से किया हमला; जेलेंस्की ने की पुष्टि
यूक्रेन ने लीबिया के बेनगाजी में 2,400 किलोमीटर दूर रूसी युद्धपोत को सात समुद्री ड्रोन से डुबो दिया, जिसकी पुष्टि राष्ट्रपति जेलेंस्की ने की है।

यूक्रेन ने लीबिया में रूसी युद्धपोत डुबोया

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, कीव। रूस और यूक्रेन के बीच की लड़ाई अब यूरोप की सीमा से बाहर पहुंच गई है। 2,400 किलोमीटर दूर लीबिया के बेनगाजी स्थित नौसैनिक अड्डे पर लंगर डाले रूसी युद्धपोत को यूक्रेन ने सी ड्रोन के हमले में डुबो दिया। इस हमले में युद्धपोत पर तैनात एक केए-27 हेलीकाप्टर भी डूब गया है।
हमले के एक दिन बाद सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एक्स पर किए पोस्ट में रूसी युद्धपोत पर हमले को यूक्रेनी बलों द्वारा अंजाम देने की पुष्टि की है।
जेलेंस्की ने बताया है कि रूस का 2022 में निर्मित युद्धपोत जब भूमध्य सागर में था तभी उस पर सात स्वनिर्मित समुद्री ड्रोन से हमला किया गया। लीबिया की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार से समझौते के तहत रूसी युद्धपोत बेनगाजी गया था। युद्धपोत में तैनात नौसैनिकों और हथियारों के नुकसान का विस्तृत ब्योरा सामने नहीं आया है।
रूस ने इस हमले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। लेकिन पता चला है कि युद्धपोत पर हमले में 10 लोग घायल हुए हैं जिनमें रूसी और लीबियाई सैनिक शामिल हैं। यूक्रेन का ड्रोन के जरिये रूस पर सबसे दूर और महाद्वीप के बाहर जाकर पहला हमला है।
जेलेंस्की ने बताया है कि यूक्रेनी बलों ने रूस के एमवी अंगारा नाम के मालवाही जहाज पर भी सोमवार को हमला किया है। यह जहाज रूसी सेना के लिए हथियारों की आपूर्ति के काम में लगा था। इसके अतिरिक्त यूक्रेन ने रूस के साइबेरिया और रोस्तोव इलाकों में स्थित आयल रिफायनरियों पर भी हमले कर उन्हें नुकसान पहुंचाया है। जेलेंस्की ने कहा है कि रूस को उसके हर हमले का जवाब दिया जाएगा।
माना जा रहा है कि शनिवार को फिनलैंड की खाड़ी में रूस के कालिनिनग्राद इलाके में जा रहे मालवाही जहाज पर हमले में भी यूक्रेन का हाथ था। हमले से जहाज में आग लग गई थी। इससे पहले जून 2025 में यूक्रेन ने गुपचुप तरीके से ट्रकों में फिट कंटेनर से रूस में ड्रोन भेजकर 1,200 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर वहां के कई वायुसेना अड्डों पर हमले करवाए थे।
यूक्रेन के हमलों में 40 से ज्यादा लड़ाकू विमानों को नुकसान हुआ था। जो विमान क्षतिग्रस्त हुए थे उनमें से कई रूस के बहुमूल्य बमवर्षक विमान थे जिनसे परमाणु बम का हमला किया जा सकता है।
रूसी हमलों में 16 लोग मारे गए
रविवार-सोमवार की रात रूस ने एक बार फिर यूक्रेन पर बड़ा हवाई हमला किया। राजधानी कीव के नजदीक स्थित गांव में बने पांच मंजिला भवन पर हमले में 11 लोग मारे गए हैं जिनमें सात साल का एक बच्चा और 79 वर्ष के एक बुजुर्ग शामिल हैं। ध्वस्त भवन के मलबे में अभी और भी कई लोग मिल सकते हैं।
सोमवार को दिन में यूक्रेन के जपोरीजिया शहर के अस्पताल में रूसी हमले में तीन लोग मारे जाने की सूचना है जबकि दो लोग क्रैमेटोर्स्क में मारे गए हैं।
(न्यूज एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।