यूक्रेन का कर्च ब्रिज पर सात दिन में तीसरा हमला, पुतिन के कार्यकाल की उपलब्धि माना जाता है यह पुल
रूस और क्रीमिया के मध्य समुद्र के ऊपर बने इस 19 किलोमीटर लंबे ब्रिज पर एक सप्ताह में तीसरा हमला हुआ है। दूसरा हमला इसी सप्ताह सोमवार को हुआ था जिसमें सड़क मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ था और उस पर से वाहनों का आवागमन कुछ घंटों के लिए रुका था।

यूक्रेन का कर्च ब्रिज पर सात दिन में तीसरा हमला
HighLights
रूस को क्रीमिया से जोड़ता है 19 किमी लंबा समुद्र पर बना ब्रिज
रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण पुल पुतिन के शासन की है उपलब्धि
रॉयटर, मॉस्को। यूक्रेन ने गुरुवार को फिर रूस से क्रीमिया को जोड़ने वाले कर्च ब्रिज पर हमला किया। इस बार का हमला ब्रिज के रेलवे ट्रैक पर किया गया है जिससे उस पर से आवागमन रुक गया है। हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
क्रीमिया के गवर्नर सर्गेई अक्सीओनोव ने कहा है कि हमले से हुए नुकसान को कुछ घंटों में ठीक कर लिया जाएगा और उसके बाद ट्रेनों का आवागमन शुरू हो जाएगा।
यह हमला उस समय हुआ है जब चीन के शेनझेन शहर में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग वार्ता कर रहे हैं। इस वार्ता में यूक्रेन में युद्धविराम पर भी चर्चा हो सकती है।
रूस और क्रीमिया के मध्य समुद्र के ऊपर बने इस 19 किलोमीटर लंबे ब्रिज पर एक सप्ताह में तीसरा हमला हुआ है। दूसरा हमला इसी सप्ताह सोमवार को हुआ था जिसमें सड़क मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ था और उस पर से वाहनों का आवागमन कुछ घंटों के लिए रुका था।
यूक्रेन का हिस्सा रहे क्रीमिया प्रायद्वीप पर 2014 में कब्जा करने के बाद रूस ने इस ब्रिज का निर्माण कराया था।
2018 से इस्तेमाल हो रहा यह ब्रिज यूरोप का सबसे लंबा ब्रिज है और इसे राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के कार्यकाल की उपलब्धि माना जाता है। इसके जरिये रूस प्रायद्वीप में रहने वाले करीब 25 लाख लोगों और वहां तैनात सैनिकों के लिए आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करता है।