यूक्रेनी ड्रोन ने लीबिया के बेनगाजी बंदरगाह पर खड़े रूसी युद्धपोत को बनाया निशाना, आग की लपटों में घिरा जहाज
लीबिया के बेनगाजी बंदरगाह पर खड़े रूसी युद्धपोत मर्करी पर संदिग्ध यूक्रेनी समुद्री ड्रोन से हमला हुआ, जिससे जहाज में आग लग गई और वह आंशिक रूप से डूब गया।

यूक्रेनी ड्रोन ने लीबिया के बेनगाजी बंदरगाह पर खड़े रूसी युद्धपोत को बनाया निशाना(फोटो: रॉयटर्स)
HighLights
रूसी युद्धपोत मर्करी पर यूक्रेनी समुद्री ड्रोन से हमला।
बेनगाजी बंदरगाह पर हमला, जहाज आंशिक रूप से डूबा।
लीबिया प्रशासन ने हमले की निंदा की, संयुक्त जांच की मांग।
डिजिटल डेस्क, त्रिपोली। लीबिया के बेनगाजी बंदरगाह पर खड़े एक रूसी नौसैनिक युद्धपोत पर संदिग्ध यूक्रेनी समुद्री ड्रोन से हमला किया गया है। इस हमले के बाद जहाज में जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई, जिससे वह आंशिक रूप से समुद्र में डूब गया।
इस जहाज की पहचान रूसी युद्धपोत मर्करी के रूप में हुई है। यह मॉस्को और पूर्वी लीबिया प्रशासन के बीच हुए एक सहयोग समझौते के तहत ईंधन भरने और रसद लेने के लिए बंदरगाह पर रुका था।
सैटेलाइट इमेजरी कंपनी वैंटोर द्वारा साझा की गई तस्वीरों में दिख रहा है कि जहाज का अधिकांश हिस्सा पलट कर डूब गया है और केवल उसका अगला हिस्सा ही पानी के ऊपर दिखाई दे रहा है। जहाज के चारों ओर धुआं और मलबा भी देखा गया है।
लीबिया से ड्रोन दागे जाने का दावा
समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, लीबिया के दो सैन्य अधिकारियों ने को बताया कि युद्धपोत पर ये समुद्री ड्रोन पश्चिमी लीबिया में यूक्रेनी बलों द्वारा संचालित एक अड्डे से दागे गए थे।
अधिकारियों के मुताबिक, कम से कम चार ड्रोनों को रास्ते में ही नष्ट कर दिया गया, जबकि दो ड्रोन जहाज से जा टकराए। हालांकि, न तो यूक्रेन और न ही रूस ने इस हमले पर कोई आधिकारिक टिप्पणी की है।
अल जजीरा के अनुसार, इस बीच, स्थानीय सूत्रों ने बताया कि इस हमले में अज्ञात संख्या में लीबियाई और रूसी नागरिकों की मौत हुई है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि जहाज पर हथियार, गोला-बारूद और ड्रोन लदे हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन ड्रोनों को जहाज पर हमला करते देखा गया। हालांकि, इन दावों की सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
लीबिया प्रशासन ने जताई नाराजगी
पूर्वी लीबिया प्रशासन ने कहा कि जहाज में लगी आग पर काबू पा लिया गया है और हमले के स्रोत का पता लगाने के लिए रूस के साथ मिलकर एक संयुक्त जांच शुरू की गई है। प्रशासन ने इस संदिग्ध हमले की निंदा करते हुए इसे लीबिया की संप्रभुता का उल्लंघन और समुद्री सुरक्षा के लिए खतरा बताया है।
प्रशासन ने अपने बयान में कहा कि लीबिया सरकार अपने बंदरगाहों, जमीन या समुद्री क्षेत्र को आपसी हिसाब चुकता करने या अंतरराष्ट्रीय संघर्षों को फैलाने का अखाड़ा नहीं बनने देगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि लीबिया रूस-यूक्रेन युद्ध का हिस्सा नहीं है।
इससे पहले रविवार शाम को एक अलग घटना में बेनगाजी के तट के पास माल्टा के झंडे वाले एक व्यापारिक जहाज पर भी समुद्री ड्रोन से हमला हुआ था।
पूर्वी प्रशासन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि हमले में घायल हुए चालक दल के सभी सदस्यों को बचा लिया गया है और उनका इलाज चल रहा है।
अलमसार टेलीविजन के अनुसार, नौसेना और वायु सेना ने इस भूमध्यसागरीय शहर के पास कम से कम 12 अन्य समुद्री ड्रोनों को नष्ट कर दिया। उधर, पश्चिमी लीबिया स्थित सरकार ने भी देश के बंदरगाहों और नागरिक ठिकानों को बाहरी संघर्षों में घसीटने की कोशिशों पर चिंता जताई है।
लीबिया में यूक्रेन की मौजूदगी पर उठे सवाल
अल जजीरा के अनुसार, यह संदिग्ध हमला ऐसे समय हुआ है जब पश्चिमी लीबिया में यूक्रेनी सैन्य और खुफिया कर्मियों की मौजूदगी की खबरें सामने आ रही हैं।
मध्य पूर्व के सुरक्षा और रक्षा विशेषज्ञ तल्हा अब्दुल रजाक ने को बताया कि इस हमले के पीछे संभवतः यूक्रेनी खुफिया सेवाओं का ही हाथ है।
उन्होंने कहा कि पिछले साल के अंत में इस बात की काफी खबरें आई थीं कि यूक्रेनी खुफिया सेवाओं और त्रिपोली सरकार के बीच वहां यूक्रेन की सैन्य और खुफिया मौजूदगी स्थापित करने का समझौता हुआ है। इसके बदले में त्रिपोली सरकार को यूक्रेन की सैन्य विशेषज्ञता मिलनी थी।
गौरतलब है कि साल 2011 में नाटो समर्थित विद्रोह में लंबे समय तक शासन करने वाले नेता मुअम्मर गद्दाफी के तख्तापलट के बाद से लीबिया दो प्रतिद्वंद्वी प्रशासनों में बंटा हुआ है। संयुक्त राष्ट्र से मान्यता प्राप्त सरकार त्रिपोली (पश्चिम) में स्थित है, जबकि पूर्वी हिस्से पर एक प्रतिद्वंद्वी प्रशासन का नियंत्रण है।
पूर्वी लीबिया सरकार के प्रमुख ओसामा हम्माद ने इस मामले में अंतरराष्ट्रीय जांच की मांग की है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से यह जांच करने का आग्रह किया है कि क्या ये ड्रोन पश्चिमी लीबिया से दागे गए थे और देश में यूक्रेनी विशेषज्ञों की मौजूदगी से जुड़ी खबरों की सत्यता की पुष्टि की जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।