UAE सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत, मृतकों में भारतीय भी शामिल
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।
-1795535789470_m.webp)
UAE सड़क दुर्घटना (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
यूएई में भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत।
मृतकों में कई भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।
भारतीय दूतावास ने परिवारों को सहायता का आश्वासन दिया।
डिजिटल डेस्क, अबू धाबी। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रास अल खैमाह में हुए एक भीषण बस-ट्रक हादसे में 13 लोगों की जान चली गई है, जिनमें भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। दुबई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने मंगलवार को जानकारी दी कि उन्होंने मृतक भारतीयों के परिवारों से संपर्क कर लिया है और हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है।
यूएई के गृह मंत्रालय और स्थानीय मीडिया खलीज टाइम्स और गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा रास अल खैमाह की अल वतन रोड पर हुआ। यात्रियों से भरी एक बस में कुल 41 लोग सवार थे। रास्ते में तकनीकी खराबी की वजह से सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से यह बस जा टकराई।
11 लोगों की मौके पर ही मौत
मिली जानकारी के अनुसार हादसे में शुरुआत में 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अस्पताल में इलाज के दौरान दो अन्य घायलों ने दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 13 हो गया है। हादसे में 14 अन्य लोग घायल भी हुए हैं। हालांकि, हताहत हुए कुल लोगों में कितने भारतीय हैं, इसकी सटीक संख्या अभी साफ नहीं हो पाई है।
दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
उधर, भारतीय वाणिज्य दूतावास ने कहा है कि वे स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर लगातार काम कर रहे हैं ताकि पीड़ितों को पूरी सहायता मिल सके और हादसे से जुड़ी बाकी जानकारी जुटाई जा सके। किसी भी तरह की मदद या जानकारी के लिए दूतावास ने 24 घंटे काम करने वाला एक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 800-46342 भी जारी किया है।
कुछ दिन पहले फुजैरा में भी हुआ था बड़ा हादसा
गौरतलब है कि यह दुखद घटना यूएई के ही फुजैरा में हुए एक बड़े सड़क हादसे के कुछ ही दिनों बाद सामने आई है। 13 नवंबर की सुबह हुए उस हादसे में ट्रकों समेत कुल 23 गाड़ियां आपस में टकरा गई थीं। उस दुर्घटना में भी 4 भारतीयों समेत 14 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 7 भारतीयों और अन्य देशों यूएई, जॉर्डन, पाकिस्तान, मिस्र, ओमान और ब्राजील के नागरिकों समेत कुल 30 लोग घायल हुए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।