सोमालिया तट पर यूएई की एक कंपनी का कार्गो जहाज अगवा, बढ़ा राजनयिक तनाव
सोमालिया तट के पास अदन की खाड़ी में संयुक्त अरब अमीरात की एक कंपनी का पनामा-ध्वजांकित कार्गो जहाज हथियारबंद लोगों ने अगवा कर लिया।
-1795890535069_m.webp)
(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
अदन की खाड़ी में यूएई कंपनी का जहाज अगवा।
पनामा-ध्वजांकित एमवी मारसा विरगो पर छह हथियारबंद लोग।
सोमालिया-यूएई के बीच राजनयिक तनाव बढ़ने की आशंका।
डिजिटल डेस्क, मोगादिशु। सोमालिया के तट के पास अदन की खाड़ी में हथियारबंद लोगों ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की एक कंपनी के कार्गो जहाज को अगवा कर लिया। जहाज पर पनामा का झंडा लगा था।
सोमालिया के अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र पुंटलैंड के एक समुद्री पुलिस अधिकारी के मुताबिक, छह हथियारबंद लोगों ने शनिवार को जहाज पर कब्जा किया। इस घटना से सोमालिया और यूएई के बीच पहले से जारी राजनयिक तनाव और बढ़ने की आशंका है।
पिछले सप्ताह सोमालिया ने अपनी संप्रभुता का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाते हुए यूएई के राजदूत को देश छोड़ने का आदेश दिया था। अधिकारी ने बताया कि अगवा किए गए जहाज का नाम एमवी मारसा विरगो है।
यह यूएई की कंपनी मारसा ओशन शिपिंग का है और इस पर अज्ञात सामान से भरे कंटेनर लदे थे। ब्रिटेन की समुद्री निगरानी एजेंसी (यूकेएमटीओ) के अनुसार, जहाज के कप्तान ने बताया कि हथियारबंद लोग सुबह जहाज में सवार हुए। यह घटना यमन के तटीय शहर बलहाफ से करीब 64 समुद्री मील (119 किलोमीटर) दक्षिण-पश्चिम में हुई।