ताइवान में तूफान 'चांपी' का असर: समुद्र में उठीं गगनचुंबी लहरें, एक की मौत और 500 से ज्यादा लोग घायल
ताइवान में आए टाइफून चांपी से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 500 से अधिक लोग घायल हो गए, ...और पढ़ें
-1792808713231_m.webp)
ताइवान से टकराया टाइफून चांपी (फोटो-रॉयटर्स)
HighLights
ताइवान में टाइफून चांपी से एक व्यक्ति की मौत।
तूफान से बिजली आपूर्ति बाधित।
ऊंची समुद्री लहरें, उड़ानें रद, पेड़ गिरे।
डिजिटल डेस्क, ताइपे। टाइफून चांपी आज शनिवार तड़के ताइवान के पास से गुजरा। इस तूफान की वजह से कई पेड़ गिर गए और बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लहरों में बहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 500 से ज्यादा लोग घायल हैं।
रॉयटर्स के मुताबिक, अब यह तूफान कमजोर पड़ गया है और उत्तर की ओर चीनी तट की तरफ बढ़ रहा है। लेकिन इसके केंद्र के पास हवा की रफ्तार अभी भी करीब 126 किमी प्रति घंटा थी।
शनिवार को यह तूफान ताइवान के उत्तर-पूर्वी तट के पास से गुजरने के बाद, द्वीप से लगभग 150 किमी पूर्व में था। पूर्वानुमान है कि अब यह उत्तर की ओर चीनी तट की तरफ मुड़ेगा और फिर आगे बढ़कर दक्षिणी जापान की ओर जाएगा।

समुद्र में उठी ऊंची-ऊंची लहरें
ताइवान से सामने आए दृश्यों में टाइफून के नजदीक आते ही विशाल लहरों को तट से टकराते हुए देखा गया। द्वीप के कई हिस्सों में तेज हवाओं का असर रहा।
ताइवान के अग्निशमन विभाग ने बताया कि मरने वालों की संख्या एक है। लियुकियू द्वीप पर एक व्यक्ति लहरों में बह गया था। तेज हवाओं और भारी बारिश के बीच 527 लोग घायल हुए हैं।
ताइवान की राजधानी ताइपे में तेज हवाओं के कारण कई पेड़ गिर गए, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हुई। यहां तेज बारिश और आंधी ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ाईं।
-1792809033529.webp)
बिजली ठप, उड़ानें रद
टाइफून चांपी की वजह से बड़े पैमाने पर बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई। ताइवान की सरकारी बिजली कंपनी 'ताईपावर' (Taipower) ने बताया कि एक समय पर 167,000 से ज्यादा घरों की बिजली चली गई थी। हालांकि ज्यादातर प्रभावित घरों में जल्दी ही बिजली बहाल कर दी गई है।
इस तूफान का असर परिवहन सेवाओं पर भी पड़ा है। परिवहन मंत्रालय के अनुसार, शनिवार को 242 उड़ानें रद कर दी गईं। यह आंकड़ा शुक्रवार की तुलना में काफी कम था, जब लगभग 1,000 उड़ानें रद हुई थीं।
-1792809062175.webp)
(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- ताइवान से मिला है पौधे को Money Plant नाम, गरीब किसान की कड़ी मेहनत से जुड़ी है इसकी कहानी
