मरमारा सागर में टकराए तुर्किए के दो जहाज, एक डूबा; 10 क्रू मेंबर लापता
इस्तांबुल के पास मरमारा सागर में तुर्कीए के दो व्यावसायिक जहाजों 'अलसु' और 'टगबेर्क इमामोग्लू' की भीषण टक्कर हो गई।

मरमारा सागर में तुर्कीए के दो जहाजों की भीषण टक्कर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, अंकारा। इस्तांबुल के सिलिवरी जिले के पास बुधवार तड़के मरमारा सागर में तुर्कीए के झंडे वाले दो व्यावसायिक जहाजों की भीषण टक्कर हो गई।
हादसे के बाद एक बल्क कैरियर के डूबने की आशंका है, जिसके 10 क्रू मेंबर लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य के लिए तुर्की कोस्ट गार्ड के 14 जहाजों और एक हेलीकॉप्टर को तैनात किया गया है।
आपस में टकराए दो जहाज
जानकारी के अनुसार, स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 3 बजे लगभग 3,000 टन इंजन ऑयल ले जा रहा केमिकल टैंकर अलसु और 4,200 टन कॉइल्ड स्टील से लदा बल्क कैरियर टगबेर्क इमामोग्लू आपस में टकरा गए।
टगबेर्क इमामोग्लू काला सागर के बंदरगाह कराडेनिजेरेगली की ओर बढ़ रहा था, जबकि अलसु एजियन सागर के आलियागा बंदरगाह जा रहा था।
हादसे के बाद 10 क्रू मेंबर्स लापता
तुर्की के समुद्री मामलों के प्राधिकरण के अनुसार, बचाव केंद्र को सुबह 3:26 बजे टगबेर्क इमामोग्लू से इमरजेंसी सिग्नल मिला। इसके 15 मिनट बाद अलसु के कैप्टन ने हादसे की सूचना दी।
हादसे के बाद से टगबेर्क इमामोग्लू या उसके 10 क्रू सदस्यों से कोई संपर्क नहीं हो सका है। रेडियो कॉल्स और मोबाइल फोन का जवाब न मिलने पर अधिकारियों ने जहाज के डूबने का अनुमान जताया है।
इस्तांबुल के गवर्नर कार्यालय ने बताया कि टैंकर अलसु को कोई भारी नुकसान नहीं पहुंचा है।
इस्तांबुल चैंबर ऑफ मैरीटाइम कॉमर्स के अनुसार, टगबेर्क इमामोग्लू ज़ेबे डेनिजसिलिक की है, जबकि अलसु का संचालन ओजपुलाथाने डेनिज तासिमासिलिगी द्वारा किया जाता है। लापता क्रू मेंबर्स की तलाश जारी है।
