विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

VIDEO: ग्रीस में जंगल की आग बुझाते समय हवा में टकराए दो फायरफाइटिंग हेलीकॉप्टर, दो पायलटों की मौत

Published: Sun, 02 Aug 2026 10:01 PM (IST)Updated: Sun, 02 Aug 2026 11:49 PM (IST)

ग्रीस में जंगल की आग बुझाते समय एथेंस के पश्चिम में दो फायरफाइटिंग हेलीकॉप्टर हवा में टकरा गए, जिससे एक में आग लग गई।

हवा में टकराए दो फायरफाइटिंग हेलीकॉप्टर।

हवा में टकराए दो फायरफाइटिंग हेलीकॉप्टर।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, एथेंस। ग्रीस में जंगल की आग का कहर नहीं थम रहा है। रविवार को एथेंस के पश्चिम में एटिका इलाके में आग बुझाते समय दो फायरफाइटिंग हेलीकॉप्टर हवा में टकरा गए। इस हादसे में एक हेलीकॉप्टर में आग लग गई और दो पायलटों की मौत हो गई। यह हादसा प्साथा के पास पानी गिराने के ऑपरेशन के दौरान हुआ।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक हेलीकॉप्टर कम ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसी दौरान नीचे वाले हेलीकॉप्टर का मेन रोटर ऊपर वाले हेलीकॉप्टर के निचले हिस्से से टकरा गया और उसमें आग लग गई। दूसरा हेलीकॉप्टर पानी छोड़कर आगे निकल गया।

 

 

तलाश में चलाया जा रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

ग्रीक अधिकारियों ने बताया कि एक हेलीकॉप्टर का क्रू मिल गया है और वो सुरक्षित है। उनके लिए एंबुलेंस भेजी गई है। जबकि दूसरे हेलीकॉप्टर की तलाश के लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

आग से भारी तबाही

तेज हवाओं की वजह से आग ने विकराल रूप ले लिया। आग पहाड़ी रिज पार करके वेनिजा बस्ती तक पहुंच गई और एक मिलिट्री फायरिंग रेंज तक फैल गई। वहां बिना फटे तोपों में भी आग लग गई। अब तक 100 से ज्यादा घर जलकर राख हो चुके हैं और 10 हजार हेक्टेयर से ज्यादा जमीन तबाह हो चुकी है।

फायरफाइटर्स की सबसे बड़ी चुनौती 30,000 आबादी वाले तटीय शहर मेगारा को बचाना है। अधिकारियों ने पश्चिमी एटिका की कई बस्तियों और मेगारा के पास इंडस्ट्रियल एस्टेट के लिए इमरजेंसी इवैक्युएशन अलर्ट जारी किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा-कुदरत बड़ी है

प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोटाकिस ने कहा कि ऐसे पल आते हैं जब कुदरत की ताकत और मौसम की मार इंसानी प्लानिंग से ज्यादा हो जाती है। एगियोस कॉन्स्टेंटिनोस गांव में स्थानीय लोग भी फायरफाइटर्स के साथ आग बुझाने में जुटे हैं। 61 साल के टैसोस ज़ेम्पेलिकोस ने कहा, आग कल रात से जल रही है। हर जगह फोर्स नहीं भेजी जा सकती। हम जो कर सकते हैं कर रहे हैं।

वैज्ञानिकों का कहना है कि इस गर्मी में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और लंबे सूखे की वजह से यूरोप में आग की घटनाएं बढ़ गई हैं। फ्रांस के गिरोंडे और वार में आग कम हुई है, जबकि स्पेन में आग अभी भी जल रही है। सूखे के कारण डेन्यूब जैसी बड़ी नदियों का पानी भी कम हो गया है, जिससे एनर्जी, शिपिंग और टूरिज्म प्रभावित हुआ है।

हंगरी में एकमात्र परमाणु संयंत्र पहली बार बंद

यूरोप के अन्य देश सूखे और राइन व डेन्यूब जैसी बड़ी नदियों में जलस्तर घटने की समस्या से जूझ रहे हैं। हंगरी, सर्बिया और रोमानिया में डेन्यूब नदी का जलस्तर अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। डेन्यूब का पानी सूखने के कारण हंगरी के एकमात्र परमाणु संयंत्र को चार दशकों से अधिक समय में पहली बार बंद करना पड़ा है और देश के सबसे बड़े जलविद्युत संयंत्र का प्रतिदिन का उत्पादन सिर्फ 20 प्रतिशत रह गया है। साथ ही नई हीटवेव का खतरा भी मंडरा रहा है। हंगरी में 100 से अधिक शहरों एवं गांवों में पानी के इस्तेमाल पर पाबंदियां लगानी पड़ी हैं।

अमेरिका में वाशिंगटन राज्य के जंगलों में भी लगी आग

अमेरिका में वाशिंगटन राज्य के जंगलों में भी आग फैल गई है। लिहाजा राज्य के गवर्नर बाब फर्ग्यूसन ने राज्यव्यापी आपातकाल की घोषणा कर दी है। मीडिया की खबरों के अनुसार, पूरे राज्य में अग्निशमन कर्मी 80 हजार से हेक्टेयर से अधिक इलाके में फैली आग की 10 बड़ी घटनाओं से जूझ रहे हैं। आग बढ़ने से रोकने के लिए 14 राज्यों की टीमें लगी हैं। इसके अलावा आस्ट्रेलिया से भी एक टीम पहुंच रही है।