पेरिस में चाकू से हमले में दो ब्रिटिश पर्यटकों समेत सात घायल, हमलावर गिरफ्तार
चश्मदीदों ने पुलिस को बताया कि हमलावर के हाथों में लोहे की रॉड और 10 से 11 इंच लंबा चाकू था।
पेरिस, आइएएनएस। फ्रांस की राजधानी पेरिस में रविवार रात को एक अफगान नागरिक ने चाकू और लोहे की रॉड से हमला कर दो ब्रिटिश पर्यटकों समेत सात लोगों को घायल कर दिया। गहरे जख्मों के कारण इनमें से चार को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। यह घटना उत्तरी पेरिस के बासिन डे ला विलेट इलाके की एक नहर के किनारे हुई। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।
शुरुआती जांच-पड़ताल में पुलिस ने इसे आतंकी घटना करार देने से इन्कार किया है। पिछले कुछ समय में फ्रांस में ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं।
चश्मदीदों ने पुलिस को बताया कि हमलावर के हाथों में लोहे की रॉड और 10 से 11 इंच लंबा चाकू था। स्थानीय लोगों में सैर-सपाटे के लिए मशहूर बासिन डे ला विलेट इलाके में उसने अचानक लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया।
घटनास्थल के पास खेल रहे कुछ लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुका और लोगों को अपना निशाना बनाता रहा। इस हमले में एक महिला भी घायल हुई है।