यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 02, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तंजानिया के चर्च में भगदड़, 20 लोगों की मौत, पवित्र तेल से अभिषेक के लिए भीड़ हुई थी बेकाबू
Tanzania church Stampede तंजानिया में एक चर्च के कार्यक्रम के दौरान पवित्र तेल के लिए मची भगदड़ में 20 लोगों ...और पढ़ें

नैरोबी, एएफपी। Tanzania church Stampede तंजानिया के एक चर्च में खुले में हो रही प्रार्थना सभा के दौरान भगदड़ मचने से 20 लोगों की मौत हो गई। 16 लोग घायल हैं। तंजानिया के राष्ट्रपति जॉन मागुफुली ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। समाचार एजेंसी एएफपी ने मोशी शहर के जिला आयुक्त किप्पी वारिओबिया (Kippi Warioba) के हवाले से बताया है कि देश के उत्तरी इलाके में हुई इस घटना में 20 लोगों की मौत के अलावा कई अन्य घायल भी हुए हैं। ऐसे में मृतक संख्या बढ़ने की आशंका है।
किलिमंजारो पहाड़ की ढलान पर स्थित मोशी शहर के आयुक्त वारिओबिया ने बताया कि यह घटना शनिवार को एक स्टेडियम में हुई। सैकड़ों की संख्या में लोग पादरी बोनिफेस मवामपोसा के नेतृत्व में हो रही प्रार्थना सभा में हिस्सा ले रहे थे। इसी दौरान पादरी ने जमीन पर कुछ मात्रा में तेल डाला और दावा किया कि इसके स्पर्श से ना केवल घरों में समृद्धि आती है बल्कि हर तरह की बीमारी भी पूरी तरह ठीक हो जाती है। इसी के बाद पवित्र तेल से अभिषेक के लिए भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि भगदड़ का दृश्य बहुत ही भयानक था। लोग बड़ी निर्दयता से एक-दूसरे को कुचलते हुए तेल को छूने के लिए बेकाबू दिख रहे थे। जबकि भगदड़ मचते ही पादरी भाग खड़ा हुआ। तंजानिया के पुलिस प्रमुख साइमन सिरो ने कहा, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पादरी को पुलिस के सामने तुरंत आत्मसमर्पण कर देना चाहिए।' तंजानिया में हाल के सालों में चमत्कारों का दावा करने वाले पादरियों की संख्या में वृद्धि हुई है। ये लोगों को गरीबी से बाहर निकालने के साथ ही उन्हें हर तरह की बीमारी से निजात दिलाने का वादा करते हैं।