काला सागर में ड्रोन हमला, तुर्किये का मालवाहक जहाज समुद्र में डूबा; कैप्टन समेत 2 की मौत
काला सागर में तुर्किये के एक मालवाहक जहाज पर ड्रोन हमले में कैप्टन और एक अन्य सदस्य की मौत हो ...और पढ़ें

काला सागर में तुर्किये के मालवाहक जहाज पर ड्रोन हमला
HighLights
काला सागर में तुर्किये के मालवाहक जहाज पर ड्रोन हमला हुआ।
हमले में कैप्टन और चालक दल का एक सदस्य मारे गए।
यूक्रेन ने रूस पर ड्रोन हमले का आरोप लगाया, जहाज डूब गया।
डिजिटल डेस्क, बुखारेस्ट। काला सागर में जा रहे तुर्किये के मालवाही जहाज पर ड्रोन हमले में कैप्टन और चालक दल के एक अन्य सदस्य मारे गए हैं जबकि 11 लोग बचा लिए गए हैं। बचाए गए ज्यादातर लोग भारत और अजरबैजान के हैं लेकिन मृतकों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है। हमले से क्षतिग्रस्त हुआ खाद्यान्न लदा जहाज समुद्र में डूब गया है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि जहाज पर रूस के दो ड्रोन ने हमला किया था।
एक्स पर पोस्ट संदेश में जेलेंस्की ने कहा है कि मक्का लदा जहाज जब अंतरराष्ट्रीय जलसीमा से गुजर रहा था तभी उस पर रूसी ड्रोन से हमला हुआ। यह हमला रोमानिया की जलसीमा के नजदीक हुआ। रूस ने जेलेंस्की के दावे का खंडन नहीं किया है। जबकि रोमानिया ने हमले का जिक्र न करते हुए कहा है कि जहाज में आग लग गई थी और उसके तटरक्षक बल ने मौके पर पहुंचकर लोगों को बचाया।
रोमानिया ने आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं किया है। पता चला है कि जहाज पर सवार जो लोग बचाए गए हैं उनमें एक घायल है। वैसे रोमानिया के न्यूज चैनल जहाज पर ड्रोन हमला होने की जानकारी दे रहे हैं लेकिन सरकार ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
रूस और यूक्रेन के जहाजों के आवागमन के लिए काला सागर महत्वपूर्ण जलमार्ग है लेकिन पिछले कई महीनों से रूस और यूक्रेन एक-दूसरे के जहाजों को निशाना बनाने में लगे हैं। इससे दोनों देशों का निर्यात और आयात प्रभावित हुआ है।
