ट्रंप का दावोस भाषण: पुतिन-जेलेंस्की को बताया 'बेवकूफ', पीएम मोदी की जमकर तारीफ; ट्रेड डील पर दी गुड न्यूज
डोनाल्ड ट्रंप ने दावोस में विश्व आर्थिक मंच के दौरान अपने भाषण और बाद की बातचीत में कई महत्वपूर्ण बयान ...और पढ़ें

ट्रंप का दावोस भाषण: पुतिन-जेलेंस्की को बताया 'बेवकूफ', पीएम मोदी की जमकर तारीफ (फोटो- AI Generated)
HighLights
ट्रंप ने दावा किया कि यूक्रेन युद्ध खत्म करने की डील के काफी करीब हैं
ट्रंप ने भारत के साथ "शानदार" व्यापार समझौते पर भरोसा जताया
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। डोनाल्ड ट्रंप ने दावोस में विश्व आर्थिक मंच के दौरान अपने भाषण और बाद की बातचीत में कई महत्वपूर्ण बयान दिए, जिनमें यूक्रेन-रूस युद्ध, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर सकारात्मक अपडेट शामिल हैं।
ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों अब एक समझौते के करीब हैं। उन्होंने कहा, "मैं मानता हूं कि वे अब एक ऐसे मोड़ पर हैं जहां वे एक साथ आकर डील कर सकते हैं। अगर वे ऐसा नहीं करते, तो वे मूर्ख हैं। यह दोनों पर लागू होता है। और मैं जानता हूं कि वे मूर्ख नहीं हैं, लेकिन अगर डील नहीं हुई तो वे मूर्ख हैं।"
यूक्रेन युद्ध खत्म करने की डील के काफी करीब हैं- ट्रंप
ट्रंप ने दावा किया कि यूक्रेन युद्ध खत्म करने की डील के काफी करीब हैं और दोनों नेता डील चाहते हैं, लेकिन कुछ वजह से बाधा आ रही हैं।
उन्होंने अपने अच्छे संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पुतिन के साथ हमेशा से बहुत अच्छे रिश्ते रहे हैं। शी जिनपिंग को "अद्भुत व्यक्ति" बताते हुए उनकी तारीफ की और कोविड-19 पर पुरानी टिप्पणी दोहराई।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 के कारण उनका काम बुरी तरह बाधित हुआ। मैं इसे 'चीन वायरस' कहता था, लेकिन उन्होंने कहा, क्या आप कोई दूसरा नाम इस्तेमाल कर सकते हैं? और मैंने वही नाम रखने का फैसला किया क्योंकि भला इस पर हमें क्यों आपत्ति होनी चाहिए।
ट्रंप ने भारत को लेकर कही ये बात
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर ट्रंप ने अच्छी खबर दी। मनीकंट्रोल से बातचीत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। ट्रंप ने कहा, "मुझे आपके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए बहुत सम्मान है। वे एक फैंटास्टिक व्यक्ति हैं और मेरे अच्छे दोस्त हैं। हम एक अच्छा डील करने जा रहे हैं।" उन्होंने भारत के साथ "शानदार" व्यापार समझौते पर भरोसा जताया और कहा कि दोनों देशों के बीच जल्द ही एक मजबूत ट्रेड डील हो सकती है।
यह बयान ऐसे समय आया है जब ट्रंप दावोस में ग्रीनलैंड, नाटो और यूरोप पर टैरिफ जैसे मुद्दों पर विवादास्पद टिप्पणियां कर रहे थे, लेकिन भारत के प्रति उनका रुख सकारात्मक रहा। पीएम मोदी दावोस 2026 में मौजूद नहीं थे, लेकिन ट्रंप ने उनके नेतृत्व और व्यक्तित्व की सराहना की। ट्रंप के इन बयानों से वैश्विक स्तर पर यूक्रेन शांति वार्ता और भारत-अमेरिका आर्थिक संबंधों पर नई उम्मीद जगी है।
