CNN और HSBC समेत दुनिया की 178 बड़ी वेबसाइटों पर साइबर अटैक, क्रिप्टोकरेंसी चुराने की कोशिश
साइबर अपराधियों ने जूम, एचएसबीसी सहित 178 प्रमुख वेबसाइटों को निशाना बनाया, जिसमें क्रेडिट कार्ड और क्रिप्टो डेटा चुराने का प्रयास किया गया।

दुनिया की टॉप वेबसाइटों पर साइबर अटैक (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)
HighLights
जूम, एचएसबीसी और सीएनएन समेत दुनिया की टॉप 178 वेबसाइटों पर साइबर अटैक
क्रिप्टो चुराने और आईफ़ोन को संक्रमित करने के लिए निशाना बनाया गया
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। साइबर अपराधियों ने जूम, एचएसबीसी, सीएनएन, सेल्सफोर्स और आइकिया जैसी दुनिया की सबसे अधिक देखी जाने वाली 178 वेबसाइटों को निशाना बनाया है। हैकर्स द्वारा यूजर्स के क्रेडिट कार्ड नंबर, क्रिप्टो पेमेंट एड्रेस बदलने और आईओएस (iOS) उपकरणों में मैलवेयर डालने की कोशिश की गई।
एक सुरक्षा शोधकर्ता ने सोमवार को खुलासा किया कि जूम, एचएसबीसी, इक्विफैक्स, सीएनएन, सेल्सफोर्स और आइकिया जैसी दिग्गज कंपनियों की वेबसाइटों को क्रिप्टोकरेंसी चुराने और आईफोन को हैक करने के प्रयास में हैक गया था।
कोड से बनाया गया निशाना
वेबसाइट ऑप्टिमाइजेशन प्लेटफॉर्म 'ऑप्टिमाइजली' के जरिए विभिन्न क्षेत्रों के 178 संगठनों की वेबसाइटों पर आने वाले यूजर्स को दुर्भावनापूर्ण जावास्क्रिप्ट कोड से निशाना बनाया गया।
इन मैलिशियस स्क्रिप्ट्स का मकसद क्रिप्टोकरेंसी भुगतान पते (पेमेंट एड्रेस) को हमलावर के वॉलेट पते से बदलना और यूजर्स द्वारा भुगतान करते समय उनके क्रेडिट कार्ड नंबर चुराना था।
इसके अलावा, ये स्क्रिप्ट्स यूजर्स की कुकीज व स्क्रीनशॉट चुराने और आईओएस उपकरणों में एक्सप्लॉइट कोड डालने का प्रयास भी कर रहे थे। साइबर सुरक्षा फर्म 'हडसन रॉक' ने भी पुष्टि की है कि उसे इन वेबसाइटों से विजिटर्स को दुर्भावनापूर्ण कोड भेजे जाने के सबूत मिले हैं।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स तुरंत यह पुष्टि नहीं कर सकी है कि क्या प्रत्येक मामले में इस दुर्भावनापूर्ण कोड का सफलतापूर्वक इस्तेमाल किया गया था, या इससे कुल कितना नुकसान हुआ है।
इस बीच, सेल्सफोर्स ने बयान जारी कर कहा कि वह ऑप्टिमाइजली स्क्रिप्ट में किए गए अनधिकृत बदलावों की जांच कर रही है और एहतियात के तौर पर इन्हें डिएक्टिवेट कर दिया गया है। दूसरी ओर, ऑप्टिमाइजली, एप्पल, जूम, एचएसबीसी, इक्विफैक्स, सीएनएन और आइकिया ने रॉयटर्स की ओर से प्रतिक्रिया मांगे जाने पर तत्काल कोई जवाब नहीं दिया। (समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)