विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जलवायु संकट पर संयुक्त राष्ट्र की सख्त चेतावनी: गुटेरस बोले- ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में हो तत्काल भारी कटौती

Published: Sat, 14 Nov 2026 02:31 AM (GMT+05:30)

वार्ता के पहले सप्ताह के समापन पर पर्यवेक्षकों ने कहा कि जीवाश्म ईंधन के बड़े उत्पादक और उपभोक्ता किसी ऐसे ...और पढ़ें

ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन में हो तत्काल भारी कटौती : गुटेरस (फोटो- रॉयटर)

ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन में हो तत्काल भारी कटौती : गुटेरस (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. कहा- मुख्य मुद्दा सदस्य देशों, खासकर बड़े उत्सर्जकों के हाथ में

  2. कॉप-31 में जीवाश्म ईंधन के उपयोग पर देशों के बीच गहरे मतभेद

रॉयटर, अंताल्या (तुर्किये)। तुर्किये में जलवायु सम्मेलन काप-31 के पहले सप्ताह में सदस्य देशों के बीच जीवाश्म ईंधन को लेकर मतभेद हावी रहे। इसके बीच संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने शुक्रवार को ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में तत्काल और भारी कटौती का आह्वान किया।

वार्ता के पहले सप्ताह के समापन पर पर्यवेक्षकों ने कहा कि जीवाश्म ईंधन के बड़े उत्पादक और उपभोक्ता किसी ऐसे समझौते का विरोध कर रहे हैं, जिसमें नए बाध्यकारी लक्ष्य तय किए जाएं या फिर तेल, गैस व कोयले का उपयोग बंद करने की बात हो।

इससे शिखर सम्मेलन के मेजबान तुर्किये और प्रमुख वार्ताकार ऑस्ट्रेलिया के सामने बड़ी चुनौती है क्योंकि दोनों के पास ऐसा महत्वाकांक्षी समझौता करने के लिए एक और सप्ताह है, जिसकी जरूरत गुटेरस जैसे जलवायु समर्थक बता रहे हैं।

गुटेरस ने कहा, 'मुख्य मुद्दा सदस्य देशों, खासकर बड़े उत्सर्जकों के हाथ में है। सदी के अंत तक 1.5 डिग्री का लक्ष्य हासिल करने को संभव बनाए रखने के लिए उन्हें उत्सर्जन में तत्काल और भारी कटौती की जरूरत समझनी होगी।'

उनका इशारा उस तापवृद्धि की सीमा की ओर था, जिसे देशों ने 2015 के पेरिस समझौते के तहत हासिल करने का प्रयास करने पर सहमति जताई थी।

गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र की पिछले माह आई एक रिपोर्ट के अनुसार दुनिया के तापमान में वृद्धि 1.5 डिग्री सेल्सियस की सीमा पार करने की राह पर है। विज्ञानियों का कहना है कि इस सीमा को बनाए रखने से जलवायु परिवर्तन के सबसे बुरे असर रोके जा सकते हैं।

गुटेरस ने कहा, 'हमें जीवाश्म ईंधन लाबी के असमान प्रभाव का सामना करना होगा। हमारी धरती का भविष्य उन लोगों की शर्तों पर तय नहीं हो सकता, जो इसके विनाश से मुनाफा कमा रहे हैं। लेकिन मैं अब भी आशावान हूं। मैंने 10 वर्षों में काफी कुछ असाधारण होते भी देखा है।

नवीकरणीय ऊर्जा हाशिये से निकलकर मुख्यधारा में आ गई है। अर्थव्यवस्था बदल गई है। तकनीक आगे बढ़ी है। स्वच्छ, सुरक्षित और अधिक भरोसेमंद ऊर्जा का भविष्य हमारे हाथ में है। सवाल यह है कि क्या हम उसे हासिल करने का साहस और तेजी दिखा पाएंगे।'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।