यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
वोलोदिमीर जेलेंस्की बोले- अपनी रणनीति में बदलाव कर रहा रूस, ईरानी ड्रोन से यूक्रेन पर लगातार हो रहे हमले
पिछले 10 महीने से चल रहे रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया है कि रूस लगातार ईरान निर्मित हमलावर ड्रोन के जरिए यूक्रेन पर हमला कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि रूस का लक्ष्य हमारे लोगों हमारी वायु रक्षा हमारी ऊर्जा को खत्म करना है।

कीव, एपी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया है कि रूस की युद्ध नीति को रणक्षेत्र में बड़ा झटका लगा है। इसलिए वह अपनी रणनीति में बदलाव कर ईरान निर्मित हमलावर ड्रोन के उपयोग से यूक्रेन पर हमले तेज करने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने आगाह किया कि आने वाले हफ्तों में रात के समय हमले तेज हो सकते हैं। जेलेंस्की ने बताया कि नए वर्ष के पहले दो दिनों में यूक्रेनी सैन्य बलों ने ईरान निर्मित 80 ड्रोन को मार गिराया है। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि रूस अपनी युद्ध नीति को रणक्षेत्र में झटका लगने के कुछ महीनों बाद कीव पर दबाव बनाने के नए तरीके ढूंढ रहा है।
यूक्रेन को पश्चिमी देश हथियारों की आपूर्ति कर रहे: जेलेंस्की
जेलेंस्की ने सोमवार रात वीडियो संबोधन में कहा, 'हमारे पास यह सूचना है कि रूस शाहिद (विस्फोट करने वाले ड्रोन) से हमला करने की योजना बना रहा है। यूक्रेन पर रूसी हमला शुरू होने के 10 महीने बाद उनका (रूस का) लक्ष्य हमारे लोगों, हमारी वायु रक्षा, हमारी ऊर्जा को खत्म करना है।' रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपने त्रुटिपूर्ण युद्ध प्रयासों को सही साबित करने के तरीके ढूंढ रहे हैं, जिन्हें हाल के महीनों में यूक्रेन के पलटवार से नुकसान पहुंचा है। यूक्रेन को पश्चिमी देश हथियारों की आपूर्ति कर रहे हैं।

थिंक टैंक द इंस्टीट्यूट फार द स्टडी आफ वार ने सोमवार को कहा कि पुतिन अपनी रणनीति के लिए रूस में समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहे हैं। यूक्रेन के विरुद्ध रूस के हवाई हमले रूसी राष्ट्रवादियों को इच्छित परिणाम नहीं दे रहे हैं।' ¨थक टैंक ने कहा, 'सेना की इस तरह की बड़ी नाकामी युद्ध समर्थक रूसी समुदाय को रिझाने की पुतिन की कोशिशों को और जटिल बना देगी।'
रूसी हमले में आइस हाकी परिसर तबाह
रूस ने यू्क्रेन के डोनेस्क क्षेत्र को सोमवार को फिर निशाना बनाया। यूक्रेनी आइस हाकी फेडरेशन ने बताया कि एक रूसी मिसाइल ने सोमवार को द्रुजकीवका शहर को निशाना बनाया और इस हमले में दो लोग घायल हो गए। हमले में आइस हाकी का एक परिसर तबाह हो गया।
रूसी राष्ट्रवादियों और सांसदों में नाराजगी
समाचार एजेंसी रायटर के अनुसार, यूक्रेन के हमले में बड़ी संख्या में रूसी सैनिकों के मारे जाने की घटना से रूस के राष्ट्रवादियों और कुछ सांसदों में गहरी नाराजगी है। उन्होंने खतरे को नजरअंदाज करने वाले रूसी कमांडरों को दंडित करने की मांग की है। नववर्ष की पूर्व संख्या पर पूर्वी यूक्रेन के डोनेस्क प्रांत में किए हमले में यूक्रेनी सेना ने करीब 400 रूसी सैनिकों को मारने और बड़ी संख्या में घायल करने का दावा किया था। जबकि रूस ने यूक्रेनी हमले में अपने 63 सैनिकों की मौत स्वीकार की थी। युद्ध में रूस के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है।