कोरोना से बेखौफ होकर हांगकांग की जनता ने फिर शुरू किया प्रदर्शन, 200 से अधिक हुए गिरफ्तार
सभी को हांगकांग के मोंगकोक जिले से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारी सड़कों को जाम कर प्रदर्शन कर रहे थे और सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे।
हांगकांग, एजेंसियां। कोरोना से बेखौफ हांगकांग की जनता लोकतंत्र के लिए फिर से सड़कों पर उतर आई है। बीजिंग के नियंत्रण वाले हांगकांग शहर में रविवार रात सैकड़ों लोगों ने लोकतांत्रिक मूल्यों की हिफाजत के लिए नारेबाजी करते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई बार झड़प भी हुई। बाद में पुलिस ने चीन विरोधी नारेबाजी कर रहे 200 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, सभी को हांगकांग के मोंगकोक जिले से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारी सड़कों को जाम कर प्रदर्शन कर रहे थे और सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने गलियों में आगजनी भी की। कोरोना संक्रमण पर हालात काबू में आने के बाद हांगकांग में चीन विरोधी प्रदर्शन पिछले हफ्ते से फिर शुरू हो गए हैं।
कुछ लोगों को गिरफ्तार कर लगाया गया जुर्माना
रविवार को दिन में अनेकों प्रदर्शनकारी पहले शॉपिंग मॉल में इकट्ठा हुए थे। पुलिस ने यहां से कुछ लोगों को गिरफ्तार कर भारी जुर्माना लगा दिया। रात में सैकड़ों प्रदर्शनकारी फिर वहां जुट गए। इस पर पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें तितर-बितर करने की कोशिश की। उनपर पेपर स्प्रे का प्रयोग किया गया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों में भिड़ंत भी हुई। इसमें कई पत्रकार भी घायल हो गए।
कुछ दिन पहले भी इकठ्ठे हुए थे प्रदर्शनकारी
वहीं, इसके पहले प्रदर्शनकारियों ने शहर के एक प्रमुख मॉल में लंच टाइम में सौ से ज्यादा लोगों ने एकत्रित होकर लोकतंत्र के समर्थन में नारे लगाए। इस दौरान उन्होंने बगावत का गीत- ग्लोरी टू हांगकांग..भी गाया। प्रदर्शनकारियों ने यह सब प्रशासन के चार लोगों से ज्यादा के एकत्रित न होने के प्रतिबंध के बावजूद किया। हालांकि प्रदर्शन के दौरान लोग खुद बिखरकर खड़े हुए थे। हांगकांग में कई हफ्तों बाद एक बार फिर से लोकतंत्र की आवाज बुलंद हुई है।