कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ संयुक्त राष्ट्र, अधिकारियों की मदद कर रही UN की टीम
संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि मिथक विरोधी अभियान ग्रामीण और शहरी इलाकों में दो करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच चुका है। इसके अलावा लगभग 650000 अग्रिम मोर्चे के कार्यकर्ताओं को वैक्सीन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी जा चुकी है।
संयुक्त राष्ट्र, प्रेट्र। संयुक्त राष्ट्र की एक टीम इन दिनों भारत में गलत सूचनाओं से निपटने समेत कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ लड़ने में अधिकारियों की मदद कर रही है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि भारत में संयुक्त राष्ट्र की टीम महासचिव के अभियान को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। यह अभियान महामारी के दौरान विश्वस्त सूचना देने और जीवन रक्षक सलाह देने के लिए पिछले साल शुरू किया गया था। उन्होंने कहा कि एजेंसी संदेशों का कई भाषाओं में अनुवाद कर रही है और 16 राज्यों में विभिन्न समुदायों के साथ मिलकर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि मिथक विरोधी अभियान ग्रामीण और शहरी इलाकों में दो करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच चुका है। इसके अलावा लगभग 6,50,000 अग्रिम मोर्चे के कार्यकर्ताओं को वैक्सीन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी जा चुकी है। संयुक्त राष्ट्र की टीम कम्युनिटी रेडियो के जरिये भी लोगों तक पहुंच रही है।