तालिबान ने अफगानिस्तान में 43 लोगों का अपहरण किया, चार सुरक्षाकर्मियों की मौत
प्रांतीय गवर्नर के प्रवक्ता दाऊद अहमदी ने बताया कि अपहृत किए गए लोग तकनीकी कर्मचारी, रसोइए और चालक हैं।
कंधार, एएफपी। तालिबान आतंकियों ने दक्षिणी अफगानिस्तान में एक सड़क निर्माण कैंप से 43 लोगों का अपहरण कर लिया। आतंकियों ने मुकाबला कर रहे चार सुरक्षाकर्मियों की हत्या भी कर दी। एक अधिकारी ने शुक्रवार को इस आशय की जानकारी देते हुए बताया कि जब से तालिबान ने संघर्ष विराम भंग किया है तब से यह सबसे नया हमला है।
आतंकियों ने कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक जिले में गुरुवार रात हमला किया। प्रांतीय गवर्नर के प्रवक्ता दाऊद अहमदी ने बताया कि अपहृत किए गए लोग तकनीकी कर्मचारी, रसोइए और चालक हैं। कर्मचारियों के बचाव के लिए भेजे गए पुलिसकर्मियों में से चार तालिबान के साथ हुई गोलीबारी में मारे गए और अन्य घायल हो गए।
तालिबान ने हमले की जवाबदेही ली है लेकिन यह भी कहा है कि उनका निशाना पुलिस चौकी थी। चौकी से पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए और उस कैंप में जा छिपे जहां निर्माण कर्मचारी सो रहे थे। तालिबान ने पुलिसकर्मियों की पहचान की कोशिश की लेकिन विफल रहने पर कई लोगों का अपहरण करने का फैसला लिया।
तालिबान के हमले में 16 सैनिकों की मौत
तालिबान ने गुरुवार को एक अफगान सुरक्षा चौकी पर हमला कर 16 सैनिकों की जान ले ली। यह हमला बदघीस प्रांत के अबकामारी जिले में किया गया। आतंकियों ने इससे पहले दो अन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया। करीब आठ चौकियों पर कब्जे के लिए संघर्ष जारी है। एक अन्य घटना में आतंकियों द्वारा सैनिक के शव में छिपाए गए बम में विस्फोट से दो नागरिक मारे गए।