चार रात अमेरिका में रुकेंगी ताइवान की राष्ट्रपति तो चीन हुआ नाराज
चीन ने हैरानी जताते हुए कहा कि अमेरिका को ताइवान की राष्ट्रपति को अपने यहां प्रवास की अनुमति नहीं देना चाहिए।
By Dhyanendra SinghEdited By: Published: Mon, 01 Jul 2019 06:26 PM (IST)Updated: Mon, 01 Jul 2019 06:26 PM (IST)
ताइपे, रायटर। ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग-वेन इस माह सहयोगी कैरेबियाई देशों की अपनी यात्रा के दौरान चार रात अमेरिका में रुकेंगी। 11 से 22 जुलाई तक के इस आधिकारिक दौरे पर वेन का अमेरिका से ही कैरेबियाई देशों में आने-जाने का कार्यक्रम तय हुआ है। चीन ने इस पर सख्त नाराजगी जताई है।
चीन ने सोमवार को कहा कि अमेरिका को ताइवान की राष्ट्रपति को अपने यहां प्रवास की अनुमति नहीं देना चाहिए। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गेंग शुआंग ने कहा कि अमेरिका वेन को अपने देश में ठहरने की इजाजत नहीं देकर चीन के साथ रिश्ते बिगड़ने से रोक सकता है।
दरअसल, ताइवान को अपना हिस्सा मानने वाला चीन उसे अन्य किसी देश से राजनयिक रिश्ते जोड़ने से मना करता है। ताइवान पर दबाव बनाने के लिए वह सैन्य कार्रवाई की भी धमकी दे चुका है। लेकिन स्वशासित ताइवान दूसरे देशों से राजनयिक रिश्ते बढ़ाने की कोशिश में है। चीन की धमकी के जवाब में वह अमेरिका से सैन्य मदद लेने की कोशिश कर रहा है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें