दक्षिण कोरिया के एयरस्पेस में घुसा संदिग्ध उत्तर कोरियाई विमान, लोगों को बंकरों में जाने का दिया गया आदेश
दक्षिण कोरियाई सरकार ने बताया कि एक संदिग्ध उत्तर कोरियाई विमान ने उसके पूर्वी हिस्से में स्थित उल्लुंग द्वीप के पास हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया, जिसके बाद निवासियों को सुरक्षित शेल्टर में जाने का आदेश दिया गया था।

(यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है)
HighLights
संदिग्ध उत्तर कोरियाई विमान ने दक्षिण कोरियाई हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया।
उल्लुंग द्वीप के निवासियों को अस्थायी रूप से सुरक्षित शेल्टर में भेजा गया।
यह घटना दोनों कोरियाई देशों के बीच बढ़ते तनाव को उजागर करती है।
डिजिटल डेस्क, सियोल। दक्षिण कोरिया की सरकार ने मंगलवार को कहा कि एक संदिग्ध उत्तर कोरियाई विमान ने उसके पूर्वी हिस्से में स्थित एक छोटे से द्वीप के पास उसके हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है। इससे पहले प्रशासन ने द्वीप के निवासियों को सुरक्षित शेल्टर में जाने का आदेश जारी किया था।
समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, आंतरिक और सुरक्षा मंत्रालय ने शुरुआत में यह सूचना दी थी कि एक रूसी विमान ने दक्षिण कोरियाई हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है और उल्लुंग द्वीप के निवासियों से भूमिगत ठिकानों या इमारतों के भीतर शरण लेने को कहा था।
हालांकि, बाद में सरकार ने सुरक्षित स्थानों पर जाने का आदेश वापस ले लिया और अपने आकलन में संशोधन करते हुए बताया कि यह विमान उत्तर कोरिया का हो सकता है। सरकार और सेना की ओर से इस घटना के बारे में तत्काल अधिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
2022 में भी मची थी ऐसी ही दहशत
लगभग 9000 की आबादी वाले इस द्वीप पर किसी दुर्घटना या बड़े व्यवधान की तत्काल कोई खबर नहीं है। गौरतलब है कि उल्लुंग द्वीप पर साल 2022 में भी भारी दहशत फैल गई थी, जब दोनों कोरियाई देशों के बीच बढ़े तनाव के दौरान उत्तर कोरिया ने समुद्र में 20 से अधिक मिसाइलें दागी थीं।
उनमें से एक मिसाइल इस द्वीप की ओर बढ़ी थी, जिसके बाद हवाई हमले के सायरन बजने लगे थे और निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा था।
दोनों कोरियाई देशों के बीच लगातार बिगड़ रहे हैं संबंध
हाल के वर्षों में उत्तर और दक्षिण कोरिया के बीच संबंध बेहद खराब हो गए हैं। अमेरिका के साथ बड़े परमाणु समझौतों पर चल रही बातचीत में लंबे समय से जारी गतिरोध के बीच उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने दक्षिण कोरिया के साथ सभी प्रकार के सहयोग और कूटनीति को समाप्त कर दिया है और सियोल को अपना स्थायी दुश्मन करार दिया है।
सितंबर महीने में दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया था, जब सीमा के दक्षिणी हिस्से में बारूदी माइंस के विस्फोट में दक्षिण कोरिया के अग्रिम मोर्चे के तीन सैनिक घायल हो गए थे। दक्षिण कोरियाई सेना ने निष्कर्ष निकाला था कि ये बारूदी सुरंगें उत्तर कोरिया द्वारा बिछाई गई थीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।