2027 तक आ सकता है सुपरह्यूमन AI, इंसानों के रोजगार और अस्तित्व के लिए बढ़ सकती हैं मुश्किलें
शोधकर्ताओं का दावा है कि 2027 तक सुपरह्यूमन एआई आ सकता है, जिससे इंसानों के लिए रोजगार और भविष्य की ...और पढ़ें

2027 तक आ सकता है सुपरह्यूमन AI (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)
HighLights
2027 तक सुपरह्यूमन एआई आने का नया दावा।
एआई से इंसानों के रोजगार और आजीविका पर खतरा।
एआई नियंत्रण छीनकर मानवता को समाप्त कर सकता है।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। एआई से खतरे को लेकर नित्य नए-नए दावे सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में एक नया दावा सामने आया है, जिसमें यह कहा गया है कि आने वाले समय में एआई हर क्षेत्र में इंसानों से कहीं ज्यादा सक्षम हो सकता है।
अगर ऐसा हुआ तो इंसानों के लिए नौकरी ढूंढ़ने, आजीविका कमाने और यहां तक कि उन्हें अपने भविष्य को लेकर मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
इसका साफ मतलब है कि इंसानों के लिए रोजगार पाना कठिन हो सकता है। कुछ शोधकर्ता यह भी दावा कर चुके हैं कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जिस तेजी से इंसानी कामकाज का हिस्सा बन रहा है, उससे यह दस वर्ष में मानवता को खत्म कर सकता है। हालांकि कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि एआई इंसानों की बौद्धिक क्षमता से आगे नहीं निकल सकता है।
एंथ्रोपिक के एआई शोधकर्ता ताओ लिन ने यह नया दावा किया है। लिन का मानना है कि एआई धीरे-धीरे इंसानों की ज्यादातर नौकरियां संभाल सकता है और लोगों को जीवनयापन के लिए सरकारी वेलफेयर पर निर्भर होना पड़ सकता है। उनका यह भी अनुमान है कि सुपरह्यूमन एआई 15 महीने या 2027 के आखिर तक आ सकता है।
एआई सुरक्षा संस्था पैलिसेड रिसर्च को दिए इंटरव्यू में लिन ने कहा कि सुपरह्यूमन एआई लोगों की उम्मीदों से काफी पहले आ सकता है। उन्होंने सुपरह्यूमन एआई की एक ऐसे सिस्टम के रूप में व्याख्या की है, जो प्रोग्रामिंग, फिल्म निर्माण और राजनीति समेत लगभग हर क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ विशेषज्ञ जितने सक्षम या उनसे बेहतर हो सकता है।
हालांकि, लिन की चेतावनी सिर्फ इस बात तक सीमित नहीं है कि एआई इंसानों के कामकाज में उनसे बेहतर हो सकता है। उनका मानना है कि एआई जैसे-जैसे इंसानों से ज्यादा काम करने में सक्षम होगा, वैसे-वैसे इंसानों को रोजगार देने की जरूरत खत्म हो सकती है।
नियंत्रण भी छीन सकता है एआई
लिन ने यह भी चेतावनी दी है कि एआई आखिरकार इतना शक्तिशाली हो सकता है कि इंसानों से नियंत्रण छीन सकता है। उन्होंने कहा, 'इस बात की शायद 20 प्रतिशत या इसके आसपास अंदेशा है कि अंततः एआई इंसानियत को पूरी तरह समाप्त कर सकता है।'
हालांकि, लिन को इंसानों के अस्तित्व के लिए सीधे कोई खतरा नजर नहीं आता है। उनको 50 प्रतिशत से भी कम इस बात का अंदेशा है कि एआई का पूरी तरह नियंत्रण हो सकता है।
धीमी करनी चाहिए विकास की गति
एंथ्रोपिक के साथ करीब डेढ़ वर्ष से काम कर रहे लिन ने यह भी कहा कि इस स्थिति से बचने के लिए एआई कंपनियों को इस तकनीक के विकास की गति को कम करना चाहिए। उन्होंने कंपनियों से एआई शोध की मौजूदा गति को घटाकर एक-चौथाई करने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।