Sri lanka Blast: रक्षा सचिव हेमासीरी फर्नांडो ने अपने पद से दिया इस्तीफा
श्रीलंका के रक्षा सचिव हेमासीरी फर्नांडो ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना ने एक दिन पूर्व मांगा था इस्तीफा।
कोलंबो,एजेंसी। श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना ने रक्षा सचिव हेमासीरी फर्नांडो (Hemasiri Fernando) और देश के पुलिस प्रमुख पुजिथ जयासुंदरा (Pujith Jayasundara) से इस्तीफा देने को कहा था। जहां इस बीच श्रीलंका के रक्षा सचिव हेमासीरी फर्नांडो ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बता दें कि बुधवार को राष्ट्रपति ने यह कहते हुए रक्षा सचिव और देश के पुलिस प्रमुख से इस्तीफा मांगा था कि पूर्व खुफिया जानकारी होने के बावजूद अधिकारी आत्मघाती विस्फोटों को रोकने में नाकामयाब रहे। वहीं जानकारी के मुताबिक अब पूर्व सेना कमांडर दया रत्नायके को रक्षा सचिव का पद दिए जाने पर विचार किया जा रहा है।
रविवार को हुए इन हमलों के बाद राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना ने पहली बार राष्ट्र को संबोधित करते हुए बीती रात कहा कि अगले 24 घंटों में वह सुरक्षा प्रतिष्ठान में शीर्ष पदों पर बदलाव करेंगे। उन्होंने कहा था कि देश के लोग सवाल कर रहे हैं कि हमलों को लेकर खुफिया इनपुट के बावजूद सुरक्षा में चूक के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अब राष्ट्रपति ने पुलिस महानिरीक्षक पुजिथ जयासुंदरा और रक्षा सचिव से हेमासीरी फर्नांडो से अपने पदों से इस्तीफा देने को कहा है।
बता दें कि बीते रविवार को ईस्टर के मौके पर हुए आत्मघाती हमलों और सिलसिलेवार धमाकों में मृतकों की संख्या 359 हो गई है। पुलिस ने बताया है कि मृतकों में कम से कम 34 विदेशी शामिल हैं। इन हमलों में 500 से अधिक लोग घायल भी हैं। इससे पहले श्रीलंकाई रक्षा मंत्री रुवन विजयवर्धने ने सिलसिलेवार हमलों में सुरक्षा प्रबंधन में चूक की बात मानते हुए कहा था कि राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना सुरक्षा प्रतिष्ठानों में बदलाव करने की योजना बना रहे हैं।
श्रीलंकाई सुरक्षा बलों ने बम धमाकों के सिलसिले में अब तक 60 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए सभी लोग श्रीलंकाई नागरिक हैं। इनमें से 32 अपराधिक जांच विभाग की हिरासत में हैं। इस्लामिक स्टेट ने इन घातक हमलों की जिम्मेदारी ली है। हमलों में एक महिला सहित नौ आत्मघाती हमलावर शामिल थे जिनमें से आठ की पहचान कर ली गई है।