श्रीलंका में अब बौद्ध धर्मस्थलों पर हमले की आशंका, खुफिया एजेंसियों ने जारी की चेतावनी
खुफिया एजेंसियों ने कहा - श्रद्धालुओं के रूप में महिला आतंकी बना सकती हैं निशाना। आतंकी ठिकाने पर छापे के दौरान बरामद हुए बौद्ध श्रद्धालुओं द्वारा पहने जाने वाले श्वेत वस्त्र।
कोलंबो, प्रेट्र। श्रीलंका में एक आतंकी ठिकाने पर छापे के बाद खुफिया एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि कुछ महिला आतंकी बौद्ध धर्मस्थलों पर हमला कर सकती हैं। हमले के लिए आतंकी श्रद्धालुओं की आड़ ले सकती हैं। उल्लेखनीय है कि 21 अप्रैल को ईस्टर के मौके पर हुए भीषण आतंकी हमले के बाद से श्रीलंका में सुरक्षाबल लगातार आतंकियों पर कार्रवाई कर रहे हैं। इस मामले में अब तक 100 से ज्यादा गिरफ्तारी हो चुकी है। इस हमले में 253 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 500 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
डेली मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, एक छापे में पुलिस को सफेद कपड़ों के जोड़े मिले थे। ऐसे कपड़े बौद्ध श्रद्धालु पहनती हैं। कुछ मुस्लिम महिलाओं ने 29 मार्च को एक दुकान से 29,000 श्रीलंकाई रुपये में इन कपड़ों के नौ सेट खरीदे थे। दुकान से मिले सीसीटीवी फुटेज में महिलाओं को देखा जा सकता है। सुरक्षाबलों को अब तक कपड़ों के पांच सेट मिले हैं। आशंका है कि अन्य सेट का इस्तेमाल करते हुए आतंकी बौद्ध धर्मस्थलों को निशाना बना सकती हैं। गौरतलब है कि ईस्टर के दिन हुए भीषण आतंकी हमले में शामिल रहे नौ आत्मघाती हमलावरों में एक महिला आतंकी भी थी।
सख्त कानून लाएगा श्रीलंका
श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने कहा है कि देश से जेहाद और अतिवाद को खत्म करने के लिए नए सख्त कानून लाए जाएंगे। उनका कहना है कि अगर नया आतंकरोधी विधेयक समय से पास हो गया होता, हमले टाले जा सकते थे। इस बीच, राष्ट्रपति मैत्रिपान सिरिसेन ने देश में बुर्के और नकाब पर प्रतिबंध का आदेश जारी किया है। प्रतिबंध सोमवार से प्रभावी हो गया। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए आदेश में कहा गया है कि ऐसा कोई भी कपड़ा प्रतिबंधित है, जिससे चेहरा छिपाया जा सके। कुछ मुस्लिम उलेमाओं ने भी इस कदम का समर्थन किया है। श्रीलंका की आबादी में करीब 10 फीसद मुस्लिम हैं।
सेना की वर्दी में हमलों की चेतावनी
श्रीलंका की सुरक्षा एजेंसियों ने और भी आतंकी हमलों की चेतावनी जारी की थी। आशंका थी कि आतंकी इस बार सुरक्षाबलों की वर्दी में हमले को अंजाम दे सकते हैं। चेतावनी रविवार और सोमवार के बारे में दी गई थी, हालांकि दोनों दिन सुरक्षित बीत गए।
बिना वैध वीजा के रह रहा भारतीय गिरफ्तार
श्रीलंका पुलिस ने बिना वैध वीजा के रह रहे 13 विदेशियों को गिरफ्तार किया है, इनमें एक भारतीय भी शामिल है। 20 वर्षीय भारतीय को सोमवार को माउंट लाविनिया से गिरफ्तार किया गया। उसके अलावा 10 नाइजीरियाई, एक इराकी और एक थाइलैंड वासी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस प्रमुख सस्पेंड, नए प्रमुख की नियुक्ति
राष्ट्रपति मैत्रिपाल सिरिसेन ने सोमवार को पुलिस प्रमुख पुजित जयसुंदरा को सस्पेंड करते हुए नए पुलिस प्रमुख और नए रक्षा सचिव की नियुक्ति की। सिरिसेन ने वरिष्ठ डीआइजी सीडी विक्रमरत्ने को कार्यवाहक इंस्पेक्टर जनरल बनाया है। पूर्व इंस्पेक्टर जनरल को एनके इलनगाकून को रक्षा मंत्रालय का सलाहकार बनाया गया है। पिछले हफ्ते हुए आतंकी हमले में सुरक्षा चूक सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया है। बताया जा रहा है कि पुजित ने राष्ट्रपति से निर्देश मिलने के बाद भी इस्तीफा देने से इन्कार कर दिया था।