श्रीलंका: भारी-भरकम बैग संग चर्च में प्रवेश करता एक संदिग्ध CCTV में कैद, देखें वीडियो
ईस्टर वाले दिन सेंट सेबेस्टियन चर्च में एक संदिग्ध आत्मघाती हमलावर के प्रवेश होने का एक वीडियो सामने आया है।
कोलंबो,एएनआइ। श्रीलंका में ईस्टर वाले दिन एक के एक धमाकों ने पूरे देश को हिला दिया। इस बीच सेंट सेबेस्टियन चर्च में एक संदिग्ध आत्मघाती हमलावर के प्रवेश होने का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक संदिग्ध सुसाइड बॉम्बर कंधे पर बैग टांगे हुए चर्च में प्रवेश कर रहा है। बता दें कि पुलिस अब तक इस मामले में 40 संदिग्धाें को गिरफ्तार कर चुकी है।
#WATCH Colombo: CCTV footage of suspected suicide bomber (carrying a backpack) walking into St Sebastian church on Easter Sunday. #SriLankaBombings (Video courtesy- Siyatha TV) pic.twitter.com/YAe089D72h
— ANI (@ANI) April 23, 2019
बता दें श्रीलंका के उप रक्षा मंत्री रुवान विजयवर्धने ने इस हमले को क्राइस्टचर्च में हुए मस्जिदों पर हमले से जोड़ा था। श्रीलंकाई संसद में उन्होंने बताया था कि 'प्रारंभिक जांच में पता चला है कि श्रीलंका में रविवार को जो हुआ वो क्राइस्टचर्च में मुसलमानों के खिलाफ हुए हमले का बदला था।' बता दें कि पिछले महीने न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च शहर में एक ऑस्ट्रेलियाई बंदूकधारी ब्रेंटन टैरंट ने दो मस्जिदों में अंधाधुंध गोलीबारी की। इस हमले में 50 लोगों की मौत हो गई थी। हमले के वक्त मस्जिद में भारी तादाद में श्रद्धालु मौजूद थे।
ईस्टर वाले दिन श्रीलंका चर्च और होटलों में हुए सिलसिलेवार धमाकों से दहल गया। इसमें कम से कम 310 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 500 से अधिक लोग इसमें घायल बताए जा रहे थे। इन हमलों की भारत समेत पूरी दुनिया भर में निंदा हो रही है। अधिकतर दुनिया के सभी शक्तिशाली नेताओं ने श्रीलंका के साथ खड़े रहने की बात कही।
पहला धमाका
श्रीलंका में ईस्टर वाले दिन रविवार को पहला धमाका कोलंबो में तीन चर्चों सेंट एंथनीज चर्च, पश्चिमी तटीय शहर नेगोंबो में सेंट सेबेस्टियन चर्च और पूर्वी शहर बैटलिकलोआ में एक और चर्च में हुआ। साथ ही पांच सितारा होटल, शांगरीला, द सिनामॉन ग्रैंड और द किग्सबरी में भी तीन विस्फोट किए गए। श्रीलंका पुलिस के मुताबिक 8 बजकर 45 मिनट पर पहला धमाका हुआ।