Sri lanka Blast: हैंड ग्रेनेड के साथ तीन संदिग्ध गिरफ्तार, अब तक 70 से अधिक संदिग्धों की हो चुकी है गिरफ्तारी
श्रीलंकाई पुलिस ने गुरुवार को बताया कि कोलंबो में एक छापे के दौरान तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक इनके पास से 21 हैंड ग्रेनेड छह तलवारें और एक वैन जब्त की गई
कोलंबो,आइएएनएस। एशियाई देश श्रीलंका रविवार (21 अप्रैल) को चर्च और होटलों में हुए सिलसिलेवार धमाकों से दहल गया। ईस्टर वाले दिन चर्चों और लक्जरी होटलों को निशाना बनाया गया, जिसमें कई सौ लोगों ने अपनी जान गंवा दी। इस हमले की साजिश रचने को लेकर कई लोगों की अब तक गिरफ्तारी की जा चुकी है। इस बीच श्रीलंकाई पुलिस ने गुरुवार को बताया कि कोलंबो में एक छापे के दौरान तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक इनके पास से 21 हैंड ग्रेनेड, छह तलवारें और एक वैन जब्त की गई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कोलंबो क्राइम डिवीजन (सीसीडी) और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने शहर के मोदरा इलाके में छापा मार कर इन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। वहीं इस बीच, श्रीलंका के पुलिस प्रवक्ता रुवान गुणशेखर ने CNN को बताया कि ईस्टर वाले दिन हुए बम विस्फोटों के बाद से देश भर में अब तक 70 से अधिक संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बता दें कि 21 अप्रैल का दिन श्रीलंका के लिए किसी भयानक सपने से कम नहीं रहा होगा। ईस्टर वाले दिन श्रीलंका चर्च और होटलों में हुए सिलसिलेवार धमाकों में 359 लोगों की अपनी जान गंवानी पड़ी तो वहीं इसमें 500 से अधिक लोग घायल हो गए।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इन संदिग्धों को आतंकवाद के संदेह, सहायता और अपहरण और आतंकवादी साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गुणशेखर ने कहा कि चार सबसे गंभीर मामले आतंकवाद जांच विभाग (टीआईडी) जांच कर रही हैं। वहीं 33 संदिग्ध आपराधिक जांच विभाग (CID) की हिरासत में हैं। शेष सभी संदिग्ध के बारे में स्थानीय पुलिस जांच कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि जितने संदिग्धों को कोलंबो में गिरफ्तार किया गया था, उनमें चार महिलाएं हैं। सभी संदिग्ध श्रीलंका के हैं और अधिकांश नरसंहार को अंजाम देने वाले परिवार के सदस्य और उनके दोस्त हैं।