विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मौत का मंत्री', स्पेन में ट्रेन हादसे में 68 लोगों की मौत; प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे लोग

Published: Thu, 29 Oct 2026 03:46 PM (IST)

स्पेन में 28 अक्टूबर को हुए भीषण रेल हादसे में 68 लोगों की मौत के बाद सरकार के खिलाफ भारी विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।

स्पेन ट्रेन हादसे में 68 लोगों की मौत के बाद प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग (फोटो-पीटीआई)

स्पेन ट्रेन हादसे में 68 लोगों की मौत के बाद प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग (फोटो-पीटीआई)

HighLights

  1. स्पेन में भीषण रेल हादसे में 68 लोगों की मौत।

  2. प्रधानमंत्री और परिवहन मंत्री के इस्तीफे की मांग।

  3. राजधानी मैड्रिड में सरकार के खिलाफ भारी विरोध-प्रदर्शन।

डिजिटल डेस्क, मैड्रिड। स्पेन में बुधवार, 28 अक्टूबर को भीषण रेल हादसा हुआ। इस हादसे में अब तक 68 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। ये घटना यूरोप के आधुनिक इतिहास की सबसे भीषण रेल दुर्घटनाओं में से एक है।

स्पेन में 9 महीने पहले भी हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच टक्कर हुई थी, जिसमें 46 लोगों की मौत हुई थी। वहीं फिर एक बार हुए इस भयानक हादसे से लोगों का गुस्सा सरकार के खिलाफ फूट गया है।

प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग

हादसे के बाद हजारों लोग प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज और परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए।

स्पेनिश प्रसारक TVE की रिपोर्ट के मुताबिक, रात भर में स्पेन की राजधानी मैड्रिड में परिवहन मंत्रालय की इमारत के बाहर करीब 1,500 लोग जमा हो गए और मंत्रियों को पद से हटाने की मांग करने लगे।

खबरों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर बोतलें और फ्लेयर्स (आतिशबाजी) फेंके, जिसके जवाब में पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। फिलहाल, किसी के घायल होने या किसी की गिरफ्तारी की कोई खबर नहीं है।

'मौत के मंत्री' के नारे लगे

स्पेन में हो रहे प्रदर्शनों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पें देखी जा सकती हैं। प्रदर्शनकारी इस बात पर सवाल उठा रहे हैं कि प्रशासन ने इस हादसे को कैसे संभाला।

प्रदर्शनकारियों के हाथों में बैनर भी दिखे, जिन पर लिखा था, 'CRIMINALES ABAJO EL REGIMEN DEL 78 (अपराधी, 78 की व्यवस्था खत्म करो)।'

राजधानी में जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई की, तो उन्होंने 'ऑस्कर पुएंते (मौत का मंत्री)' के नारे भी लगाए।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्पेन में आज रेल चालकों के भी हड़ताल पर जाने की आशंका है। स्पेनिश यूनियन ऑफ रेलवे ड्राइवर्स (SEMAF) का कहना है कि यह विरोध-प्रदर्शन रेलवे सुरक्षा के बचाव के लिए किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- ड्रोन फुटेज में दिखा स्पेन ट्रेन हादसे के बाद का खौफनाक मंजर, अब तक 64 लोगों की मौत