ड्रोन फुटेज में दिखा स्पेन ट्रेन हादसे के बाद का खौफनाक मंजर, अब तक 64 लोगों की मौत
स्पेन के तोलेदो प्रांत में बुधवार को दो हाई-स्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर में 64 लोगों की मौत हो गई और 80 घायल हो गए।
HighLights
स्पेन के तोलेदो में दो हाई-स्पीड ट्रेनें टकराईं
हादसे में 64 लोगों की मौत, 80 घायल हुए
ड्रोन फुटेज में दिखा दुर्घटनास्थल का खौफनाक मंजर
डिजिटल डेस्क, मैड्रिड। स्पेन में बुधवार को भीषण ट्रेन हादसा हुआ। दो हाई स्पीड ट्रेनें एक-दूसरे से टकरा गईं, जिसमें 64 लोगों की जान चली गई और 80 घायल हो गए।
यह हादसा मध्य स्पेन के तोलेदो प्रांत में हुआ, जहां एक हाई स्पीड ट्रेन ने पटरी पर आगे चल रही दूसरी हाई स्पीड ट्रेन में पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में दो डिब्बे पटरी से उतर गए। स्पेन में इस साल यह दूसरा बड़ा रेल हादसा है।
कास्तिया-ला मांचा के क्षेत्रीय अध्यक्ष एमिलियानो गार्सिया-पेज ने कहा कि हादसे में 80 लोग घायल हुए हैं और मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। राहत और बचाव कार्य चल रहा है। जबकि स्पेन के रेल सिस्टम आपरेटर एडीआइएफ ने बताया कि बुधवार सुबह तोलेदो प्रांत में यह हादसा हुआ।
यह दुर्घटना दो हाई स्पीड ट्रेनों के बीच हुई, जिनमें सैकड़ों लोग सवार थे। दोनों ट्रेनें मैड्रिड से दक्षिण-पश्चिमी स्पेन के सेविले की ओर एक ही दिशा में जा रही थीं।

ड्रोन फुटेज में दिखा हादसे का मंजर
दुर्घटनास्थल के ड्रोन फुटेज में देखा जा सकता है कि सफेद और बैंगनी रंग की 'रेनफे AVE' ट्रेन का ज्यादातर हिस्सा पटरियों पर ही रहा, जबकि लाल और सफेद रंग की 'इरियो' (Iryo) ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए। क्षतिग्रस्त डिब्बों में से कुछ रेलवे तटबंध पर झुके हुए थे, जबकि कुछ नीचे खेतों में पड़े थे।
मलबे के आस-पास ट्रेन के मुड़े-तुड़े हिस्से और मलबा बिखरा हुआ दिखाई दे रहा था। आपातकालीन सेवाओं ने आस-पास के खेतों में एम्बुलेंस, दमकल गाड़ियाँ, पुलिस वाहन और मेडिकल हेलीकॉप्टर तैनात किए। बचावकर्मी, जो तेज चमक वाली जैकेट पहने हुए थे, क्षतिग्रस्त डिब्बों और आपातकालीन वाहनों के बीच आते-जाते देखे गए।

प्रधानमंत्री पेड्रो सांचे ने जताया शोक
एक ट्रेन दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई। कास्तिया-ला मांचा क्षेत्र की प्रवक्ता एस्थर पाडिला के अनुसार, हादसे के कारण का पता लगाया जा रहा है।
हादसे के बाद मैड्रिड, स्यूदाद रियल और अंदालूसिया के बीच रेल सेवा रोक दी गई। स्थानीय मीडिया के अनुसार, दुर्घटना में स्पेन की सरकारी कंपनी 'रेनफे' और निजी रेल कंपनी 'इर्यो' की ट्रेनें शामिल थीं।

ऐसा प्रतीत होता है कि 'रेनफे' की ट्रेन ने 'इर्यो' की ट्रेन को टक्कर मारी। पाडिला ने बताया कि 'रेनफे' की ट्रेन में 397 यात्री सवार थे, जबकि 'इर्यो' की ट्रेन में 147 लोग यात्रा कर रहे थे।
जबकि स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने हादसे के चलते अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद कर दिए और एक्स पर लिखा कि वह ट्रेन हादसे से बहुत दुखी हैं। बता दें कि इस वर्ष जनवरी में भी इन दोनों कंपनियों की ट्रेनों के बीच एक भीषण दुर्घटना हुई थी, जिसमें 45 लोग मारे गए थे।
(न्यूज एजेंसी AP के इनपुट के साथ)
