परफ्यूम वही, पर खुशबू अलग क्यों? आपकी 'स्किन तय करती है इत्र का असर
एक ही इत्र की खुशबू हर व्यक्ति पर अलग क्यों आती है, इसका कारण 'स्किन केमेस्ट्री' है।

त्वचा की नमी और तापमान खुशबू को प्रभावित करते हैं

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, मेलबर्न। आपने कभी गौर किया है कि एक ही इत्र किसी व्यक्ति पर बेहद अच्छी खुशबू देता है, जबकि दूसरे पर उसकी महक कुछ खास नहीं लगती? इसकी वजह सिर्फ इत्र की गुणवत्ता नहीं, बल्कि हमारी त्वचा की बनावट और उसकी रासायनिक प्रकृति भी है।
विज्ञान की भाषा में इसे 'स्किन केमिस्ट्री' कहा जाता है। यही तय करती है कि कोई इत्र या परफ्यूम त्वचा पर कैसी खुशबू बिखेरेगा और कितनी देर तक टिका रहेगा।
इत्र में कई तरह के खुशबूदार अणुओं को अल्कोहल में मिलाकर तैयार किया जाता है। इन्हें मुख्य रूप से टॉप, मिडल और बेस नोट में बांटा जाता है।
टॉप नोट सबसे पहले महसूस होते हैं और तेजी से उड़ जाते हैं। इसके बाद फूलों और फलों की महक वाले मिडल नोट उभरते हैं। वहीं, मस्क, लकड़ी और रेजिन से जुड़े बेस नोट धीरे-धीरे खुलते हैं और लंबे समय तक बने रहते हैं।
त्वचा की नमी और तापमान बदल देते हैं खुशबू का असर
एडिथ कोवान यूनिवर्सिटी की शोधकर्ता मैग्डालेना वाजराक का कहना है कि त्वचा की नमी और तैलीयता इत्र के टिकने की अवधि को प्रभावित करती है।
शुष्क त्वचा पर खुशबू जल्दी कमजोर पड़ सकती है, जबकि नम और तैलीय त्वचा पर परफ्यूम की महक अपेक्षाकृत लंबे समय तक बनी रह सकती है।
इससे उसकी खुशबू आसपास के लोगों तक पहुंचने की क्षमता भी प्रभावित होती है। त्वचा का तापमान भी अहम है। गर्म त्वचा पर इत्र तेजी से वाष्पित होता है। ऐसे में उसकी शुरुआती खुशबू यानी टाप नोट जल्दी गायब हो सकते हैं और मिडल व बेस नोट अपेक्षाकृत जल्दी महसूस होने लगते हैं।
त्वचा के सूक्ष्मजीव भी बदलते हैं इत्र का मिजाज
त्वचा का पीएच स्तर और उस पर मौजूद सूक्ष्मजीव, जैसे बैक्टीरिया या फंगस, भी खुशबू को प्रभावित कर सकते हैं। त्वचा का सामान्य पीएच लगभग 4.5 से 5.5 के बीच होता है।
इसमें बदलाव कुछ खुशबुओं की अनुभूति पर असर डाल सकता है। इसके अलावा, त्वचा पर मौजूद बैक्टीरिया और फंगस पसीने तथा प्राकृतिक तेलों के साथ प्रतिक्रिया करते हैं।
इससे शरीर की अपनी गंध बनती है, जो इत्र की खुशबू के साथ मिलकर उसका असर बदल सकती है। यही कारण है कि एक ही इत्र किसी पर ताजगी भरी खुशबू देता है, तो किसी दूसरे पर अधिक मीठा या तीखा महसूस हो सकता है।
दिलचस्प बात यह है कि एक ही व्यक्ति पर भी इत्र की महक हर दिन एक जैसी नहीं रहती। खानपान, हार्मोन, शरीर में पानी की मात्रा और मौसम इसमें बदलाव ला सकते हैं।
इत्र खरीदते समय रखें ध्यान
इत्र खरीदते समय केवल कागज की टेस्ट स्ट्रिप पर उसकी खुशबू सूंघकर फैसला न करें। उसे अपनी कलाई पर लगाकर कुछ घंटे तक देखें।
इससे पता चलेगा कि त्वचा पर उसकी महक कैसे बदलती है। खुशबू को लंबे समय तक बनाए रखने के लिए इत्र लगाने से पहले बिना खुशबू वाला माइस्चराइजर भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
(सोर्स- द कन्वर्सेशन)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।