सिंगापुर और चीन के बीच आवश्यक यात्राओं के लिए अगले माह शुरू होगी 'फास्ट लेन' व्यवस्था
सिंगापुर और चीन दोनों देशों के बीच व्यापार और आधिकारिक संबंधित आवश्यक यात्रा की सुविधा के लिए अगले महीने की शुरुआत में एक फास्ट लेन व्यवस्था शुरू करेंगे।
सिंगापुर, पीटीआइ। सिंगापुर और चीन दोनों देशों के बीच व्यापार और आधिकारिक संबंधित आवश्यक यात्रा की सुविधा के लिए अगले महीने की शुरुआत में एक 'फास्ट लेन' व्यवस्था शुरू करेंगे। यह व्यवस्था पहले सिंगापुर और चीनी केंद्र सरकार के तहत आने वाली छह प्रांतों में सीधे लागू होगी। सिंगापुर के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार रात एक बयान में कहा कि शंघाई, तियानजिन, चोंगकिंग, ग्वांगडोंग, जिआंगसु और झेजियांग में यह व्यवस्था लागू होगी। इस व्यवस्था को धीरे-धीरे अन्य चीनी प्रांतों और नगरपालिकाओं तक विस्तारित किया जाएगा।
दोनों देशों ने गुरुवार को सिंगापुर के विदेश मंत्रालय के स्थायी सचिव और चीन के उप-विदेश मंत्री लुओ झाओहुई के बीच एक वीडियो कॉन्फ्रेंस बैठक के बाद फास्ट लेन के तहत दोनों देशों के बीच एयर लिंक बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।
आवश्यक चिकित्सा आपूर्ति जैसे सामानों के प्रवाह को सुविधाजनक बनाने पर जोर
दोनों देशों ने उत्पादन और आपूर्ति श्रृंखलाओं की कनेक्टिविटी को हासिल करने के महत्व पर बल दिया और आवश्यक चिकित्सा आपूर्ति और भोजन जैसे सामानों के प्रवाह को सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया। सिंगापुर 2 जून से धीरे-धीरे कोरोना वायरस के कारण लागू पाबंदियों में ढील देगा और आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को फिर से शुरू करेगा।
यात्रा शुरू करने पर विचार
सिंगापुर के राष्ट्रीय विकास मंत्री लॉरेंस वोंग ने गुरुवार को कहा था कि आवश्यक यात्रा को फिर से शुरू करने पर विचार किया जा रहा है। देश अपनी सीमाओं को फिर से खोलने पर काम कर रहा है। उन देशों के लिए यात्रा शुरू करने पर विचार हो रहा, जहां वायरस का प्रकोप नियंत्रण में है और कुछ देशों के साथ ग्रीन लेन यात्रा की व्यवस्था है। कई देशों के साथ बातचीत चल रही है और कुछ के साथ बातचीत शुरू हुई है। कोरोना वायरस संकट के बीच चार-टर्मिनल सिंगापुर के चांगी हवाई अड्डे के दो टर्मिनलों पर नियमित यात्राएं रोक दी गईं और परिचालन स्थगित कर दिया गया था।