शेख हसीना की वापसी के एलान पर बांग्लादेश में सियासी संग्राम, अवामी लीग को रोकने को सड़कों पर उतरेंगे विपक्षी दल
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने के एलान से देश की सियासत गरमा गई है। आगजनी और हिंसा के बीच प्रशासन ने सुरक्षा कड़ी कर दी है।

शेख हसीना की वापसी के एलान पर सियासी संग्राम (तस्वीर-PTI)
HighLights
शेख हसीना की 16 दिसंबर को स्वदेश वापसी का ऐलान।
बांग्लादेश में सुरक्षा कड़ी, 120 प्लाटून बीजीबी तैनात।
विपक्षी दल अवामी लीग के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन करेंगे।
डिजिटल डेस्क, ढाका। बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के 16 दिसंबर को 'विजय दिवस' के मौके पर स्वदेश लौटने के एलान से देश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। आगजनी, बम विस्फोटों और हिंसा की घटनाओं के बीच प्रशासन ने सुरक्षा कड़ी करते हुए हसीना के गृह जिले गोपालगंज समेत सात जिलों में बार्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) की 120 प्लाटून तैनात कर दी हैं।
दूसरी ओर, प्रतिबंधित अवामी लीग की सियासी वापसी रोकने के लिए सत्तारूढ़ बीएनपी और विपक्षी दलों ने दिसंबर में देशव्यापी रैलियों का एलान कर सड़कों पर शक्ति प्रदर्शन की तैयारी कर ली है।
अगस्त 2024 से भारत में रह रहीं हसीना ने राष्ट्रीय विमान सेवा के जरिये वापसी की व्यवस्था करने को कहा है। उनकी इस घोषणा के बाद भड़की हिंसा के मद्देनजर गृह मंत्रालय के निर्देश पर अकेले गोपालगंज में 56, गाजीपुर में 19, ढाका (सावर-आशुलिया) में 17, चटगांव में आठ, नारायणगंज और काक्स बाजार में सात-सात तथा मैमनसिंह में दो प्लाटून तैनात की गई हैं।
बीजीबी मुख्यालय ड्रोन और बाडी कैमरों के जरिये लाइव निगरानी कर रहा है। राजनीतिक मोर्चे पर प्रधानमंत्री और बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान एक दिसंबर को ढाका के सुहरावर्दी उद्यान में एक विशाल रैली से महीने भर के कार्यक्रमों की घोषणा करेंगे। आम सहमति बनाने के लिए रहमान ने नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) के नेताओं से मुलाकात की है और जल्द ही जमात-ए-इस्लामी समेत 11-दलीय गठबंधन से भी संवाद करेंगे।
एनसीपी ने 31 दिसंबर तक 64 जिलों में 39-दिवसीय अभियान छेड़ा है। एनसीपी संयोजक नाहिद इस्लाम ने अवामी लीग के भविष्य और भारत के साथ संबंधों पर सरकार से दीर्घकालिक रोडमैप मांगा है, जबकि सह-संयोजक आरिफुल इस्लाम अदीब ने हसीना की मौत की सजा लागू करने, जुलाई नरसंहार के त्वरित ट्रायल और गंगा जल संधि में उचित हिस्सेदारी की मांग उठाई है।
वहीं, जमात ने भी 40-दिवसीय देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है। बीएनपी नेताओं रुहुल कबीर रिजवी और शमसुज्जमान दुदू ने तोड़फोड़ रोकने के लिए सभी फासीवाद-विरोधी ताकतों से सड़कों पर सक्रिय रहने का आह्वान किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।