सेनेगल के तट पर दर्दनाक हादसा, प्रवासियों से भरी नाव पलटने से 21 लोगों की मौत; तलाश जारी
सेनेगल तट पर प्रवासियों से भरी एक नाव पलटने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है। ...और पढ़ें

सेनेगल नाव हादसा।
HighLights
सेनेगल तट पर प्रवासियों से भरी नाव पलटी।
हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हुई।
स्पेन के कैनरी द्वीप जा रही थी यह नाव।
डिजिटल डेस्क, डकार। पश्चिम अफ्रीकी देश सेनेगल से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां दर्दनाक समुद्री हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार यह नाव प्रवासियों को लेकर स्पेन के कैनरी द्वीप की तरफ जा रही। इसी दौरान नाव समंदर में डूब गई, जिससे कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है।
सेनेगल के गृह मंत्रालय के मुताबिक, यह नाव राजधानी डकार से करीब 180 किलोमीटर उत्तर में केबेमेर के पास समुद्र में पलट गई। शनिवार शाम तक अधिकारियों ने पानी से 21 शव बाहर निकाल लिए हैं। मरने वालों में ज्यादातर स्थानीय केबेमेर इलाके के ही रहने वाले थे।
अबतक सिर्फ एक जीवित बचा
मिली जानकारी के अनुसार राहत और बचाव टीमों ने अब तक सिर्फ एक ही व्यक्ति को जिंदा बचाने में कामयाबी हासिल की है। खोजी अभियान अभी भी जारी है, इसलिए मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि नाव पर कुल कितने लोग सवार थे।
कैनरी द्वीप की खतरनाक यात्रा
गौरतलब है कि पश्चिम अफ्रीका से स्पेन के कैनरी आइलैंड तक पहुंचने का यह अटलांटिक रूट दुनिया के सबसे खतरनाक रास्तों में से एक माना जाता है। बेहतर भविष्य की तलाश में हर साल हजारों लोग जान जोखिम में डालकर इस पर जानलेवा सफर करते हैं। प्रवासी अधिकारों के संगठन वॉकिंग बॉर्डर्स के अनुसार, इस साल के शुरुआती पांच महीनों में ही इस रूट पर कम से कम 635 लोगों की जान जा चुकी है।
एक दिन पहले ही रोकी गई थी दूसरी नाव
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार यह हादसा एक ऐसे समय में हुआ है जब ठीक इससे एक दिन पहले ही सेनेगल के सुरक्षा बलों ने 142 प्रवासियों से भरी एक और छोटी नाव को पकड़ा था, जो स्पेन जाने की फिराक में थी। उस नाव में महिलाओं और छोटे बच्चों के अलावा सेनेगल, गाम्बिया, गिनी और नाइजीरिया जैसे देशों के नागरिक सवार थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।