विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 14, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Russia Ukraine War: यूक्रेन ने रूसी सेना से छीनी आठ हजार वर्ग किमी भूमि, पुतिन का वार्ता से इन्कार; बाइडन को लंबे युद्ध की आशंका

By Arun Kumar SinghEdited By:
Published: Wed, 14 Sep 2022 07:24 PM (IST)

यूक्रेन में युद्ध के बीच वहां की सेना ने रूसी सेना के कब्जे वाले पूर्वी और दक्षिणी क्षेत्रों में जवाबी ...और पढ़ें

रूस के खिलाफ यूक्रेनी सेना की फाइल फोटो ।
रूस के खिलाफ यूक्रेनी सेना की फाइल फोटो ।

कीव, रायटर। करीब सात महीने के युद्ध में यूक्रेनी सेना पहली बार आक्रामक है। नतीजतन, रूसी सेना को हजारों वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में पीछे हटना पड़ा है। इसके चलते यूक्रेन में कई जीते हुए शहर, कस्बे और गांव उसके हाथ से निकल गए हैं। कई क्षेत्रों में रूसी सैनिकों को हथियार छोड़कर भागना पड़ा है।

रूस का यूक्रेन से किसी तरह की वार्ता से इंकार

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ताजा परिस्थितियों में यूक्रेन के साथ किसी भी शांति समझौते से इन्कार किया है। जबकि अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेनी सेना की हाल की सफलताओं के बावजूद युद्ध लंबे समय तक जारी रहने की आशंका जताई है।

यूक्रेन के पूर्वी और दक्षिणी क्षेत्रों में जवाबी हमले तेज

यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच वहां की सेना ने रूसी सेना के कब्जे वाले पूर्वी और दक्षिणी क्षेत्रों में जवाबी हमले तेज किए हैं। इसका उसे लाभ भी हुआ है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि सितंबर के दो हफ्तों में उनकी सेना ने आठ हजार वर्ग किलोमीटर क्षेत्र रूसी सेना से मुक्त कराया है।

खाली कराए क्षेत्रों का जेलेंस्की ने किया दौरा

बुधवार को जेलेंस्की खार्कीव के नजदीक मुक्त कराए गए इजियुम कस्बे में पहुंचे। वहां पर उन्होंने सैनिकों के साथ खुशी मनाई और यूक्रेन का झंडा फहराया। यह कस्बा क्षेत्र के लिए रूसी सेना का नियंत्रण केंद्र था।

यूक्रेन की 20 प्रतिशत भूमि पर रूस का कब्जा

यूक्रेनी सेना इस समय डोनेस्क प्रांत के रूसी कब्जे वाले लीमन कस्बे को मुक्त कराने के लिए लड़ रही है। जेलेंस्की के सलाहकार ओलेक्सी एरेस्टोविच ने कहा है कि जल्द ही स्वातोवो और लुहांस्क प्रांत के कुछ शहरों को मुक्त कराने के लिए भी लड़ाई तेज की जाएगी। जबकि डोनेस्क पीपुल्स रिपब्लिक के रूस समर्थक नेता डेनिस पुशिलिन ने कहा है कि लीमन में यूक्रेनी सेना ने हमला किया, लेकिन उसे मुंहतोड़ जवाब देते हुए पीछे धकेल दिया गया। उल्लेखनीय है कि यूक्रेन की हाल की सफलताओं के बावजूद रूसी सेना का यूक्रेन की 20 प्रतिशत भूमि पर कब्जा बना हुआ है।