विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूक्रेन के साथ जंग में मारे गए 7 लाख रूसी सैनिक, भरपाई के लिए हर साल कर रहा चार लाख भर्तियां

Published: Tue, 24 Nov 2026 11:24 PM (IST)

एक रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन युद्ध में रूस के सात लाख से अधिक सैनिक मारे गए हैं, जिसे रूसी सरकार छिपाने का प्रयास कर रही है और प्रतिवर्ष चार लाख युवाओं को सेना में भर्ती कर रही है।

यूक्रेन युद्ध में रूस के सात लाख से अधिक सैनिक मारे गए (फाइल फोटो)

यूक्रेन युद्ध में रूस के सात लाख से अधिक सैनिक मारे गए (फाइल फोटो)

HighLights

  1. यूक्रेन युद्ध में रूस के सात लाख से अधिक सैनिक मारे गए

  2. रूस प्रतिवर्ष चार लाख युवाओं को सेना में भर्ती कर रहा है

  3. रूसी जहाजों पर हमले के बाद पुतिन ने बदला लेने की चेतावनी दी

डिजिटल डेस्क, बर्लिन। यूक्रेन के साथ लगभग पांच वर्ष से जारी युद्ध में रूस के सात लाख से ज्यादा सैनिक मारे गए हैं। इस वास्तविकता को रूस की व्लादिमीर पुतिन सरकार छिपाने की लगातार कोशिश कर रही है।

इसी के चलते सरकार प्रतिवर्ष चार लाख युवाओं को सेना में भर्ती कर रही है जिससे युद्ध में वह मुकाबले की स्थिति में बनी रहे। यह जानकारी रूसी राष्ट्रपति पुतिन की नीतियों के विरोधी और निर्वासित मीडिया ग्रुप मेदुजा एंड मीडियाजोना और कुछ साइबर हैकर के आकलन से तैयार रिपोर्ट में सामने आई है।

वैसे रूस की सरकार भी अपने आंकड़ों में 2025 तक युद्ध में करीब पांच लाख सैनिकों के मारे जाने की बात मान रही है और 2026 में हुए नुकसान की जानकारी अभी तक नहीं दी गई है।

यूक्रेन युद्ध में रूस के सात लाख से अधिक सैनिक मारे गए

सैनिकों की संख्या में आई इस कमी की भरपाई करने के लिए ही रूसी सेना बड़े पैमाने पर सैनिकों की भर्ती कर रही है, उत्तर कोरिया के सैनिकों की मदद ले रही है और भाड़े के सैनिकों व अन्य देशों के नागरिकों को सैन्य मोर्चों पर भेज रही है।

कार्नेगी एंडोवमेंट फार इंटरनेशनल पीस के सीनियर फेलो माइकल काफमैन के अनुसार रूस ने 2026 में अभी तक चार लाख नौ हजार सैनिकों की भर्ती की है।

इससे पूर्व के वर्षों में भी रूसी सेना सैनिकों की लगातार भर्ती करती रही है। काफमैन के अनुसार इतनी बड़ी संख्या सैनिकों की भर्ती दर्शाती है कि रूस को युद्ध में भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

जबकि सेंटर फार स्ट्रैटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज, वाशिंगटन के आकलन के अनुसार युद्ध में यूक्रेन के डेढ़ लाख से कुछ ज्यादा सैनिक मारे गए हैं। इससे पता चलता है कि युद्ध में रूस को यूक्रेन की तुलना में ज्यादा सैनिक खोने पड़े हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार किसी भी युद्ध में हमला करने वाली सेना को ज्यादा नुकसान उठाना होता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि उसे घात लगाए छिपकर बैठी सेना को हराना होता है और उसे खुले आकाश के नीचे आगे बढ़ना होता है।

इसीलिए युद्ध में रूस को ज्यादा नुकसान हुआ है। इसके अतिरिक्त विशेषज्ञ रूस की युद्ध नीति को भी दोषपूर्ण मानते हैं। इसके कारण भी रूस को युद्ध में यूक्रेन की तुलना में ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा।

जहाजों पर हमले का बदला लेगा रूस : पुतिन

जेलेंस्की ने पुष्टि कर दी है कि शनिवार को फिनलैंड की खाड़ी में कालिनिनग्राद जा रहे रूस के मालवाही जहाज को उसी की एजेंसी ने निशाना बनाया था।

हमले में जहाज में आग लग गई थी और उसे भारी नुकसान हुआ था। जबकि रविवार-सोमवार रात यूक्रेन की खुफिया एजेंसी ने लीबिया के नौसैनिक अड्डे पर लंगर डाले रूसी युद्धपोत को समुद्री ड्रोन के हमले में डुबो दिया था।

सोमवार को एक अन्य मालवाही जहाज पर भी यूक्रेन के हमले से उसमें आग लग गई थी। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि दोनों घटनाएं उनके संज्ञान में हैं और रूस जल्द इसका बदला लेगा।

इस बीच रूस के यूक्रेन पर ताजा हमले में दो लोग मारे गए और 44 घायल हुए हैं। यह हमला यूक्रेन के जपोरीजिया शहर पर हुआ है। इस हमले में एक घर नष्ट हो गया है और उसके बगल में स्थित पांच मंजिला भवन को नुकसान हुआ है।

2027 के लिए यूक्रेन को 125 अरब डॉलर की जरूरत

युद्धरत यूक्रेन को वर्ष 2027 में अपने खर्चों के लिए 125 अरब डालर की धनराशि की जरूरत होगी। इसमें से करीब 100 अरब डालर की मदद का सहयोगी देशों ने आश्वासन दिया है लेकिन बाकी के 25 अरब डालर के इंतजाम को लेकर यूक्रेन प्रयासरत है।

यह जानकारी यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दी है। उन्होंने बताया कि वह इस सिलसिले में यूरोपीय देशों के नेताओं से वार्ता कर रहे हैं। (रायटर)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।