रूस परमाणु हथियार से लैस उपग्रह लॉन्च करने की तैयारी में, दुनिया में कहीं भी किया जा सकेगा हमला
नाटो की खुफिया शाखा के अनुसार, रूस जल्द ही परमाणु हथियार से लैस एक उपग्रह अंतरिक्ष में लॉन्च करने की तैयारी में है। यह उपग्रह अन्य उपग्रहों को नष्ट करने और कहीं भी परमाणु हमला करने में सक्षम होगा।

(यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है)
HighLights
रूस परमाणु हथियार से लैस उपग्रह लॉन्च करने की तैयारी में।
यह उपग्रह अंतरिक्ष में अन्य उपग्रहों को नष्ट कर सकेगा।
नाटो खुफिया शाखा ने जर्मन मीडिया को यह जानकारी दी।
डिजिटल डेस्क, फ्रैंकफर्ट। अमेरिका की अगुआई वाले सैन्य संगठन नाटो की खुफिया शाखा की सूचना के अनुसार रूस बहुत जल्द अंतरिक्ष में ऐसा उपग्रह छोड़ने जा रहा है जिसमें परमाणु हथियार लगा होगा।
इस परमाणु हथियार से अंतरिक्ष की कक्षाओं में घूम रहे उपग्रहों को बर्बाद किया जा सकेगा और कहीं पर भी परमाणु हमला किया जा सकेगा।
जर्मनी के खुफिया संगठन बीएनडी और सुरक्षा बलों के साथ तालमेल वाली नाटो की खुफिया शाखा के बीच साझा सूचनाओं के लीक होने से यह बात जर्मन मीडिया में आई है। इस सूचना पर बर्लिन स्थित रूसी दूतावास ने कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की है।
2024 में रूस ने इन चर्चाओं से इन्कार किया था कि वह कोई ऐसा हथियार विकसित कर रहा है जो अंतरिक्ष में घूम रहे उपग्रहों (सेटेलाइट) को नष्ट करने में सक्षम होगा। ऐसा अंतरिक्ष में परमाणु विस्फोट करके संभव था।
जबकि अमेरिका का कहना है कि रूस वर्षों से ऐसा हथियार बनाने की कोशिश में है जो अंतरिक्ष में घूम रहे सभी सेटेलाइटों का नेटवर्क ध्वस्त करने में सक्षम हो।
नाटो की खुफिया एजेंसी के अनुसार रूस अब उस कोशिश में सफल हो गया है और आने वाले कुछ हफ्तों में परमाणु हथियार से फिट सेटेलाइट छोड़ सकता है।
(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)