यूक्रेन के खुफिया संगठन के मुख्यालय पर रूस का हमला, सात लोग घायल हुए; कीव के आकाश पर धुआं छाया
रूस ने शुक्रवार को लगातार दसवें दिन यूक्रेन की राजधानी कीव पर हवाई हमला किया। ताजा ड्रोन हमले का निशाना यूक्रेन की खुफिया एवं सुरक्षा एजेंसी एसबीयू का मुख्यालय बना है।

यूक्रेन के खुफिया संगठन के मुख्यालय पर रूस का हमला
HighLights
सात लोग घायल हुए, कीव के आकाश पर धुआं छाया
कीव पर लगातार दसवें दिन रूस का हवाई हमला
रॉयटर, कीव। रूस ने शुक्रवार को लगातार दसवें दिन यूक्रेन की राजधानी कीव पर हवाई हमला किया। ताजा ड्रोन हमले का निशाना यूक्रेन की खुफिया एवं सुरक्षा एजेंसी एसबीयू का मुख्यालय बना है। कीव के मध्य स्थित इस भवन पर दिन के समय हुए हमले में आग लग गई, सात लोग घायल हुए हैं।
एसबीयू को रूस में युद्ध के दौरान हुए कई बड़े हमलों के लिए जिम्मेदार माना जाता है। एसबीयू भवन के सामने स्थित एक बेकरी का भवन भी रूसी हमले में ध्वस्त हो गया। इन हमलों से लगी आग का धुआं कीव के आकाश पर छा गया है।
इस हमले के बाद यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने रूस की शांति की मंशा पर सवाल उठाया है। कहा है कि एक ओर वह शांति समझौते की बात करता है और दूसरी ओर वह कीव पर लगातार हमले कर रहा है।
इस बीच कीव के नजदीक स्थित विश्व स्वास्थ्य संगठन का गोदाम रूस के हवाई हमले का निशाना बना है। इस गोदाम में संगठन द्वारा भेजी गई चिकित्सा सामग्री रखी हुई थी, यह सामग्री हमले में नष्ट हो गई है।
गुरुवार-शुक्रवार रात के रूसी हमले में यूक्रेन के ओडेसा शहर के बिजलीघर को भी बड़ा नुकसान होने की सूचना है। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है और पांच घायल भी हुए हैं।
निप्रो शहर में भी रूसी हमले में दो पुलिस अधिकारियों के मारे जाने की सूचना है। इसी दौरान रूस ने कहा है कि उसकी सेना ने यूक्रेन के लिए हथियार और गोला-बारूद ला रहे दो जहाजों को काला सागर में हमले में भारी नुकसान पहुंचाया है।
इस बीच यूक्रेन ने काला सागर के किनारे स्थित रूस के रिजार्ट शहर सोचि और सीरियस पर ड्रोन हमले किए हैं। हमलों से वहां पर तेल गोदाम को नुकसान हुआ है।
युद्ध को खात्मे के प्रयास में अमेरिकी दूत आएंगे कीव
साढ़े चार वर्ष से ज्यादा समय से चल रहे यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए कोशिशें तेज हो गई हैं। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा शांति समझौते की उम्मीद जताए जाने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर जल्द ही यूक्रेन का दौरा करने वाले हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इस दौरे की पुष्टि की है लेकिन रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय ने दौरे को लेकर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।
बिश्केक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हाल में हुई वार्ता में युद्ध को किसी समस्या का निदान नहीं बताया था और शांति की अपील की थी। उसी के बाद विदेश मंत्री एस जयशंकर ने यूक्रेन का दौरा कर राष्ट्रपति जेलेंस्की से मुलाकात की थी।
पता चला है कि विटकॉफ और कुशनर रूस का भी दौरा कर सकते हैं। वैसे शांति प्रयास के तहत विटकॉफ पूर्व में भी रूसी राष्ट्रपति से कई बार मिल चुके हैं। जनवरी में उनकी मॉस्को में पुतिन के साथ चार घंटे वार्ता हुई थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।