विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रूस ने कीव के तीन पुलों और पावर प्लांट्स पर किया हमला, 8 लोगों की मौत

Published: Fri, 20 Nov 2026 10:03 PM (IST)

रूस ने कर्च ब्रिज पर हमले के जवाब में कीव के तीन पुलों और यूक्रेन के ऊर्जा संयंत्रों पर मिसाइलें दागीं, जिससे आठ लोगों की मौत हो गई और बिजली आपूर्ति बाधित हुई।

रूस ने यूक्रेन पर किया हमला (फोटो-रॉयटर्स)

रूस ने यूक्रेन पर किया हमला (फोटो-रॉयटर्स)

HighLights

  1. रूस ने कीव के तीन महत्वपूर्ण पुलों पर मिसाइलें दागीं।

  2. यूक्रेन के ऊर्जा संयंत्रों को निशाना बनाया, बिजली आपूर्ति बाधित।

  3. हमले में कुल आठ लोगों की मौत, कई अन्य घायल हुए।

डिजिटल डेस्क, कीव। कर्च ब्रिज पर हमले का जवाब देते हुए रूस ने गुरुवार-शुक्रवार रात यूक्रेन की राजधानी कीव में निप्रो नदी पर बने तीन पुलों पर मिसाइलों से हमला कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया।

इसी के साथ रूस ने यूक्रेन के विभिन्न शहरों के ऊर्जा संयंत्रों को भी निशाना बनाया जिससे कई शहरों की बिजली आपूर्ति भंग हो गई है। इन हमलों में कीव में छह लोग मारे गए जबकि अन्य स्थानों पर दो लोग मारे गए हैं।

यह हमला चीन यात्रा पर गए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के उस बयान के बाद हुआ जिसमें कहा गया था कि कर्च ब्रिज पर हमले का कड़ा जवाब दिया जाएगा। इससे पहले गुरुवार को यूक्रेन ने रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाले कर्च ब्रिज पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया था। कर्च ब्रिज पर यूक्रेन का हफ्ते भर में यह तीसरा हमला था।

रूस ने कीव के तीन पुलों पर किया हमला

कीव के जिन तीन पुलों पर रूस ने हमला किया है वे राजधानी के मध्य स्थित हैं और शहर को जोड़ने के लिए वे लाइफ लाइन सरीखे हैं। लगभग पांच वर्ष से चल रहे युद्ध में रूस ने पहली बार इन तीनों पुलों पर एक साथ हमला किया है।

कीव के मेयर विटाली क्लित्सको ने कहा है कि पुलों की मरम्मत का काम शुरू हो गया है और असुविधा से बचने के लिए लोगों को कार से न चलने के लिए कहा गया है।

उल्लेखनीय है कि निप्रो नदी के पूर्वी किनारे पर 10 लाख से ज्यादा लोग रहते हैं जबकि ज्यादातर सरकारी कार्यालय और कंपनियां नदी के पश्चिमी तट पर हैं। इसके चलते प्रतिदिन लाखों लोग आवागमन के लिए हमले के शिकार हुए पुलों का इस्तेमाल करते हैं।

यूक्रेन की वायुसेना ने कहा है कि रूस ने ताजा हमले के लिए 84 क्रूज मिसाइलें छोड़ी थीं, इनमें से लगभग सभी को आकाश में नष्ट कर दिया गया। 400 हमलावर ड्रोनों में से भी ज्यादातर को नष्ट कर दिया गया लेकिन कुछ बैलेस्टिक मिसाइलों ने कीव और अन्य शहरों को नुकसान पहुंचाया। रूसी हमले में दो लोग लवीव शहर के रेलवे स्टेशन पर मारे गए हैं।

रूस के हमले में यूक्रेन के रेल नेटवर्क को भी नुकसान हुआ है। रूसी हमलों में निप्रोपेट्रोव्स्क शहर में पांच लोग घायल हुए हैं जबकि चार लोग खार्कीव में घायल हुए हैं।

इस बीच यूक्रेन ने कहा है कि उसने शुक्रवार को रूस के तातरस्तान स्थित आयल पंपिंग स्टेशन पर हमला कर उसे नुकसान पहुंचाया है। इस पंपिंग स्टेशन का संपर्क द्रुजबा पाइपलाइन से है जिससे कई यूरोपीय देशों को रूस तेल की आपूर्ति करता है।

रूसी मिसाइल व ड्रोन आने पर पोलैंड ने जताई आपत्ति

यूक्रेन के पड़ोसी देश पोलैंड ने रूस की दो मिसाइलों और एक ड्रोन के अपने आकाश क्षेत्र से गुजरने पर आपत्ति जताई है। कहा है कि यह उसकी वायुसीमा का उल्लंघन है और रूस की भड़कावे की कार्रवाई है।

सैन्य संगठन नाटो के सदस्य पोलैंड ने स्थिति से निपटने के लिए सहयोगी देशों से मदद मांगी है। इस बीच नाटो के 11 सदस्य देशों के हजारों सैनिकों ने पोलैंड में सैन्य अभ्यास शुरू कर दिया है।

(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- चीन में पुतिन के साथ दिखा 'न्यूक्लियर ब्रीफकेस', कैसे काम करता है यह खतरनाक डिवाइस; क्या इसमें है परमाणु हमले का बटन?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।