यूक्रेन पर रूस का भीषण हवाई हमला: मिसाइल और ड्रोन हमलों में 10 लोगों की मौत, 24 घायल
रूस के मंगलवार-बुधवार रात यूक्रेन पर हुए हमले में 10 लोग मारे गए और 24 घायल हुए हैं। रूस ने ताजा हमला मिसाइलों, ड्रोन और ग्लाइड बमों से किया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का दावा है कि रूस ने हमले के लिए उत्तर कोरिया में बनीं बैलेस्टिक मिसाइलों का भी इस्तेमाल किया।

यूक्रेन पर रूस का भीषण हवाई हमला: मिसाइल और ड्रोन हमलों में 10 लोगों की मौत (फोटो- रॉयटर)
HighLights
जवाबी हमले में यूक्रेन ने फिर से बनाया वाइल्डबेरीज को निशाना
रूसी मिसाइलों का मुख्य निशाना यूक्रेन के नियंत्रण वाला जपोरीजिया शहर बना
एपी, कीव। रूस के मंगलवार-बुधवार रात यूक्रेन पर हुए हमले में 10 लोग मारे गए और 24 घायल हुए हैं। रूस ने ताजा हमला मिसाइलों, ड्रोन और ग्लाइड बमों से किया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का दावा है कि रूस ने हमले के लिए उत्तर कोरिया में बनीं बैलेस्टिक मिसाइलों का भी इस्तेमाल किया।
यूक्रेन के साथ युद्ध में रूस की ओर से हजारों उत्तर कोरियाई सैनिकों के लड़ने का भी जेलेंस्की ने दावा किया है। इस बीच यूक्रेन ने रूस के वोरोनेज में ऑनलाइन कंपनी वाइल्डबेरीज के एक और ठिकाने पर ड्रोन हमला किया है।
रूसी मिसाइलों का मुख्य निशाना यूक्रेन के नियंत्रण वाला जपोरीजिया शहर बना। वहां स्थित स्टील फैक्ट्री पर हुए हमले में सात लोग मारे गए और 24 घायल हुए हैं। जबकि रूसी सेना के टैंकों की गोलाबारी में निप्रोपेट्रोव्स्क क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोर समेत तीन लोग मारे गए हैं। राजधानी कीव में भी रूस ने एक गोदाम को निशाना बनाया है।
बताया गया है कि कीव क्षेत्र में ही बच्चों के अस्पताल के नजदीक के स्थान पर हमला किया लेकिन वहां पर किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यूक्रेन ने कहा है कि उसके पास एयर डिफेंस सिस्टम पैट्रियट की इंटरसेप्ट मिसाइलों की कमी का फायदा उठाने के लिए रूस बैलेस्टिक मिसाइलों का उत्पादन बढ़ा रहा है, साथ ही उत्तर कोरिया से भी उनका आयात कर रहा है।
इससे आने वाले समय में यूक्रेन पर रूस के बड़े हमले होने की आशंका है। जेलेंस्की ने एक बार फिर अमेरिका और अन्य सहयोगी देशों से इंटरसेप्ट मिसाइलें देने की अपील की है।
रूस ने पूर्व अमेरिकी कमांडो को रिहा किया
रूस ने मंगलवार को अमेरिकी सेना के 32 वर्षीय पूर्व मरीन कमांडो राबर्ट गिलमैन को रिहा कर दिया। मानवीय आधार पर यह रिहाई राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आदेश पर हुई। गिलमैन 2022 से रूसी कैद में था। उसकी रिहाई व्हाइट हाउस और अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर हुई है।
गिलमैन की रिहाई की सूचना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इंटरनेट मीडिया पोस्ट में दी है। बताया है कि यह अमेरिका के लिए गर्व की बात है। इस रिहाई के बदले में किसी भी व्यक्ति को नहीं छोड़ा गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।