कंबोडिया के आम चुनाव में सत्तारूढ़ दल ने जीतीं नेशनल असेंबली की सभी सीटें
सत्तारूढ़ दल कंबोडियन पीपुल्स पार्टी (सीपीपी) ने आम चुनाव में नेशनल असेंबली की सभी 125 सीटों पर जीत दर्ज की।
By Bhupendra SinghEdited By: Published: Thu, 16 Aug 2018 05:36 PM (IST)Updated: Thu, 16 Aug 2018 05:36 PM (IST)
नॉमपेन्ह, आइएएनएस। कंबोडिया के चुनाव आयोग ने कहा है कि सत्तारूढ़ दल कंबोडियन पीपुल्स पार्टी (सीपीपी) ने आम चुनाव में नेशनल असेंबली की सभी 125 सीटों पर जीत दर्ज की। कंबोडिया में गत 29 जुलाई को चुनाव कराए गए थे। चुनाव आयोग के अनुसार, राष्ट्रपति हुन सेन की पार्टी ने 76.78 प्रतिशत वोट हासिल किए।
जीत की खुशी में हुन ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, 'चुनाव में खड़े अन्य 19 उम्मीदवार मेरे खिलाफ छह फीसद वोट भी हासिल नहीं कर पाए।' उल्लेखनीय है कि देश की शीर्ष अदालत ने मुख्य विपक्षी दल कंबोडिया नेशनल रेस्क्यू पार्टी (सीएनआरपी) के चुनाव में भाग लेने पर रोक लगा दी थी।
अमेरिका और पश्चिमी देशों ने इस चुनाव को अपारदर्शी बताया और चुनाव आयोग की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े किए हैं। अमेरिका ने कंबोडिया के नागरिकों पर यात्रा प्रतिबंध भी बढ़ा दिए हैं। सीपीपी के प्रवक्ता ने अमेरिका के इस कदम को निरर्थक करार दिया है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें