न्यू सेलेडोनिया की जनता ने फ्रांस में बने रहने के पक्ष में किया मतदान
न्यू सेलेडोनिया में करीब तीन दशकों से फ्रांस से अलग होकर नया देश बनाने की मांग उठ रही है।
नोमिया, एएफपी। प्रशांत महासागर में स्थित फ्रांसीसी द्वीप न्यू सेलेडोनिया के निवासियों ने जनमत संग्रह में फ्रांस से आजादी की मांग को नकार दिया है। द्वीप में रविवार को फ्रांस से आजादी को लेकर जनमत संग्रह कराया गया। इसमें करीब 60 फीसद लोगों ने फ्रांस में बने रहने के पक्ष में मतदान किया।
फ्रांस की मुख्य भूमि से करीब 18 हजार किलोमीटर दूर स्थित इस द्वीप में करीब तीन दशकों से फ्रांस से अलग होकर नया देश बनाने की मांग उठती रही है। फ्रांस के लिए सामरिक लिहाज से अहम इस द्वीप की आबादी करीब दो लाख 69 हजार है। इसमें एक लाख 75 हजार मतदाता हैं।
इन मतदाताओं ने द्वीप के 284 मतदान केंद्रों में सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक मतदान में हिस्सा लिया। पहले से ही संभावना थी कि जनमत संग्रह का परिणाम फ्रांस में बने रहने के पक्ष में ही आएगा क्योंकि द्वीप के मूल निवासियों, जिन्हें कनक कहा जाता है, की संख्या श्वेत लोगों के मुकाबले कम है। रक्षा और शिक्षा को छोड़कर बाकी मुद्दों पर निर्णय का अधिकार स्थानीय शासन के पास है।