फ्लाईदुबई के जांबाज पायलट स्मित को सऊदी अरब से दुबई किया गया एयरलिफ्ट, तबुक के अस्पताल में चल रहा था इलाज
दुबईफ्लाई के पायलट स्मित मछार को सऊदी अरब के तबुक अस्पताल से दुबई एयरलिफ्ट किया गया है, जहां को-पायलट के हमले के बाद उनका इलाज चल रहा था।
-1790850156795_m.webp)
कैप्टन स्मित को दुबई किया गया एयरलिफ्ट।
HighLights
पायलट स्मित मछार सऊदी अरब से दुबई एयरलिफ्ट, इलाज जारी।
दुबईफ्लाई फ्लाइट में को-पायलट ने धारदार हथियार से हमला किया।
भारतीय दूतावास ने परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
डिजिटल डेस्क, तेल अवीव। बीते दिन बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही दुबईफ्लाई की फ्लाइट में भारत के बहादुर पायलट स्मित मछार पर को-पायलट ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस घटना में वह बुरी तरह से घायल हो गए। उनका इलाज सऊदी अरब में तबुक के अस्पताल में चल रहा था।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, अब खबर है कि उन्हें दुबई एयरलिफ्ट किया गया है। वहीं, यूएई में भारत के दूतावास ने एक्स पर पोस्ट किया, जिसमें लिखा, "राजदूत डॉ. दीपक मित्तल और कॉन्सल जनरल डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी ने कैप्टन स्मित मछार के परिवार वालों से मुलाकात की।"
'परिवार को दिया हरसंभव मदद का भरोसा'
पोस्ट में आगे लिखा गया, "उन्होंने परिवार को कैप्टन मछार की सेहत और उनके ठीक होने के बारे में जानकारी दी, बताया कि दूतावास और कॉन्सुलेट यूएई के अधिकारियों के संपर्क में हैं और परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कीमती जानें बचाने में कैप्टन मच्छार की असाधारण हिम्मत, सूझ-बूझ और निस्वार्थ कोशिशों की भी तारीफ की।"
'कैप्टन स्मित की हालत स्थिर'
इससे पहले, सऊदी अरब में भारतीय अधिकारियों ने बताया कि कैप्टन स्मित को उत्तर-पश्चिमी शहर तबुक के एक अस्पताल में ज़रूरी मेडिकल देखभाल मिल रही है और वे हर संभव मदद के लिए उनके परिवार और सऊदी अधिकारियों के संपर्क में हैं। सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि उनकी हालत स्थिर है।
