75 करोड़ रुपये में बिकी फ्रेंच कलाकार गाउगिन की बेजोड़ प्राकृतिक सौंदर्य वाली पेंटिंग
French artist Paul Gauguin फ्रांस के मशहूर पेंटर पॉल गाउगिन की एक पेंटिंग जिसमें बेजोड़ प्राकृतिक सौंदर्य को दर्शाया गया है वह 95 लाख यूरो (करीब 75 करोड़ रुपये) में बिकी है।
पेरिस, एएफपी। फ्रांस के मशहूर पेंटर पॉल गाउगिन की एक पेंटिंग 95 लाख यूरो (करीब 75 करोड़ रुपये) में बिकी है। पेरिस में आयोजित नीलामी में गाउगिन की इस पेंटिंग को अंतराष्ट्रीय स्तर के एक बड़े कला संग्राहक ने सबसे ऊंची बोली लगाकर खरीदा। गाउगिन ने इस पेंटिंग को 1897 में प्रशांत महासागर स्थित पॉलीनेशिया क्षेत्र के एक द्वीप ‘ताहिती’ में प्रवास के दौरान बनाया था।
पेंटिंग में ताहिती के बेजोड़ प्राकृतिक सौंदर्य को दर्शाया गया है। ताहिती भाषा में ‘टे बौरो 2’ नाम की इस पेंटिंग का अर्थ पेड़ है। पहले पहले यह माना जा रहा था कि यह पेंटिंग लगभग 70 लाख रुपए में बिक सकती है। इस पेंटिंग के खरीदार ने कहा, ‘ताहिती की खूबसूरती को प्रदर्शित करने वाली यह कलाकृति अब फ्रांस में ही बनी रहेगी।
बताया जाता है कि यह पेंटिंग ताहिती काल की उन चुनिंदा कलाकृतियों में से एक है जो अब भी निजी हाथों में है।’ प्रदर्शनी के आयोजनकर्ताओं के मुताबिक, फ्रांस में आखिरी बार गाउगिन की कलाकृतियों की खरीद 22 साल पहले हुई थी। धीरे-धीरे अब लोगों का ध्यान गाउगिन की पेंटिंग के प्रति आकर्षित हो रहा है।
बता दें कि फ्रांसिसी पेंटर पॉल गाउगिन की सबसे विख्यात कृति 'वैन विल यू मेरी' है। इसे उन्होंने प्रशांत महासागर के एक सुदूर द्वीप ताहिती में रचा था। मीडिया रिपोर्टों में बताया गया है कि पॉल गाउगिन पश्चिमी जीवन शैली से ऊब गए थे। वह प्रकृति का साथ चाहते थे। वह कहते थे कि हम प्रकृति से बहुत दूर हो गए हैं। उनका मानना था कि जंगल, समुद्र किनारे या पहाड़ों पर गए बिना रचनात्मकता निखरकर सामने नहीं आती है।
इसी तरह भारतीय कलाकार एफएन सूजा की 1955 में बनाई गई पेंटिंग 'बर्थ' ने अपनी नीलामी में एक रेकॉर्ड बनाया था। न्यू यॉर्क में हुई नीलामी में इसे 40 लाख डॉलर (करीब 26 करोड़ रुपये) से ज्यादा की कीमत मिली थी। रिपोर्टों में कहा गया है कि यह किसी भारतीय पेंटिंग को मिली सबसे बड़ी कीमत थी।