शांति वार्ता में यूरोप को शामिल करने पर पुतिन सहमत, लेकिन सीधी बातचीत में पक्षकार बनाने से इनकार
अमेरिकी दूतों से मुलाकात के बाद पुतिन यूक्रेन शांति वार्ता में यूरोपीय देशों को शामिल करने पर सहमत हुए हैं। ...और पढ़ें
-1794503007111_m.webp)
पुतिन यूक्रेन शांति वार्ता में यूरोपीय देशों को शामिल करने पर सहमत हुए (फाइल फोटो- रॉयटर्स)
HighLights
पुतिन यूक्रेन शांति वार्ता में यूरोपीय देशों को शामिल करने पर सहमत।
अमेरिकी दूतों ने पुतिन को अबूधाबी वार्ता के परिणामों से अवगत कराया।
पुतिन ने युद्धोपरांत यूक्रेन में यूरोपीय सैनिकों की तैनाती का विरोध किया।
डिजिटल डेस्क, मास्को। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के दूतों ने गुरुवार को मास्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात कर उन्हें अबूधाबी में हुई वार्ता के बारे में बताया।
लगभग पांच वर्ष से चल रहे यूक्रेन-रूस युद्ध खत्म करवाने के संबंध में 10 और 11 नवंबर को यूएई की राजधानी अबूधाबी में अमेरिका की मध्यस्थता में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधियों में वार्ता हुई थी।
इस वार्ता में युद्धबंदियों की बड़ी संख्या में रिहाई और कई बिंदुओं पर दोनों पक्ष सहमत हुए, दोनों पक्षों ने जल्द फिर से मिलने और बात करने की इच्छा जताई है।
पुतिन ने गुरुवार को चेतावनी दी कि यूक्रेन में तैनात किसी भी विदेशी सैनिक को वैध लक्ष्य माना जाएगा, और कहा कि उनकी उपस्थिति रूस की सुरक्षा के लिए खतरा होगी।
गुरुवार को हुई मुलाकात में पुतिन ने भविष्य में होने वाली वार्ता में यूरोपीय देशों के प्रतिनिधियों को शामिल करने पर सहमति जता दी है। लेकिन यह शर्त भी लगा दी कि रूस और यूक्रेन की द्विपक्षीय वार्ता में कोई तीसरा देश पक्षकार न बने।
अमेरिकी दूत जेरेड कुशनर ने कहा, अबूधाबी में दोनों पक्ष कई बिंदुओं पर सहमत हुए हैं, अब सहमति वाले बिंदुओं की संख्या को आगे बढ़ाना है। स्टीव विटकाफ और कुशनर से मुलाकात में पुतिन ने साफ कर दिया कि युद्ध के बाद यूक्रेन में यूरोपीय सैनिकों की तैनाती के विषय पर वह बिल्कुल भी तैयार नहीं हैं।
इस तरह की तैनाती से रूस की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा हो जाएगा और उसके चलते युद्ध फिर शुरू हो सकता है।
पुतिन से मुलाकात के बाद विटकाफ और कुशनर आयरलैंड की राजधानी डबलिन के लिए रवाना हो गए जहां उनकी मुलाकात जेलेंस्की से होगी। जेलेंस्की वहां पर 40 से ज्यादा यूरोपीय और अन्य देशों के नेताओं की बैठक में भाग लेने के लिए गए हैं।
वहां उनकी मुलाकात सैन्य संगठन नाटो के प्रमुख मार्क रूट से भी होगी। रूट ने कहा, जनवरी में पेरिस में सुरक्षा गारंटी पर सहमति बनी थी लेकिन अब शांति समझौते को प्राथमिकता देने की बारी है।
इस बीच यूक्रेन में रूस के हमले जारी हैं और वहां पर फिर से कीव समेत 17 शहरों में ऊर्जा संयंत्रों और अन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया है। जबकि रूस ने यूक्रेन के 71 हमलावर ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है।
इस बीच जेलेंस्की ने कहा है कि वह महसूस कर रहा है कि अमेरिका के स्टारशील्ड सिस्टम से यूक्रेन को मिल रहे सिग्नल फिर से कमजोर हो गए हैं जिसका सीधा लाभ रूस को हमले करने में हो रहा है। (समाचार एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)