विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोल्दोवा से उड़ान भरते ही ड्रोन की टक्कर से बाल-बाल बचा जेलेंस्की का विमान, नॉर्वे के पीएम का खुलासा

Published: Thu, 10 Sep 2026 05:33 AM (GMT+05:30)Updated: Thu, 10 Sep 2026 08:15 AM (GMT+05:30)

जेलेंस्की को नार्वे के किंग के अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने के लिए ओस्लो ला रहा विमान मंगलवार को मोल्दोवा ...और पढ़ें

बाल-बाल बचे राष्ट्रपति जेलेंस्की: उड़ान भरते ही विमान के पास पहुंचा ड्रोन (फोटो- रॉयटर)

बाल-बाल बचे राष्ट्रपति जेलेंस्की: उड़ान भरते ही विमान के पास पहुंचा ड्रोन (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. नार्वे के किंग के अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने जा रहे थे यूक्रेनी राष्ट्रपति

  2. पड़ोसी देश मोल्दोवा से उड़ान भरने वाला था जेलेंस्की का विमान

रॉयटर, ओस्लो। नार्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे ने बुधवार को बताया कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदोमीर जेलेंस्की को नार्वे के किंग के अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने के लिए ओस्लो ला रहा विमान मंगलवार को मोल्दोवा से उड़ान भरते समय एक ड्रोन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया।

स्टोरे ने कहा, "जब उनका विमान मोल्दोवा (यूक्रेन का पड़ोसी देश) से उड़ान भरने वाला था, तो वह एक ड्रोन की चपेट में लगभग आ ही गया था। यही वह सच्चाई है जिसका वह सामना कर रहे हैं।"

हालांकि स्टोरे ने यह नहीं बताया कि उन्हें यह जानकारी कहां से मिली या ड्रोन जेलेंस्की के विमान के कितना करीब था।

जेलेंस्की ने बुधवार को नार्वे के किंग हेराल्ड पंचम के अंतिम संस्कार में भाग लिया और मध्य ओस्लो में अन्य राष्ट्राध्यक्षों के साथ उनके ताबूत के पीछे मार्च किया। अंतिम संस्कार खत्म होने के तुरंत बाद वह नार्वे से रवाना हो गए।

ब्रिटिश नागरिक पर रूसी खुफिया एजेंसी की मदद का आरोप

ब्रिटेन के अभियोजकों ने बुधवार को बताया कि एक ब्रिटिश नागरिक पर रूसी सैन्य खुफिया एजेंसी से जुड़े एक ग्रुप के संपर्क में रहने का आरोप लगाया गया है।

क्राउन प्रोसिक्यूशन सर्विस ने कहा कि 31 वर्षीय जोशुआ कैमिज ने कथित तौर पर जीआरयू वालंटियर कोर के एक प्रतिनिधि से बातचीत की थी और उनसे निर्देश लिए। यह ग्रुप रूस की जीआरयू सैन्य खुफिया एजेंसी के नियंत्रण में है।

कैमिज को गुरुवार को वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जाना है। लंदन स्थित रूसी दूतावास ने इस बारे में तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की। कैमिज पर ये आरोप लंदन की आतंकरोधी पुलिस की जांच के बाद लगाए गए हैं। उसे चार सितंबर को स्विंडन में गिरफ्तार किया गया था।