'प्रिय मित्र... भारत-फ्रांस की दोस्ती अमर रहे', पीएम मोदी से हिंदी में बोले राष्ट्रपति मैक्रों
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीएम मोदी के फ्रांस दौरे के बाद हिंदी में वीडियो संदेश जारी कर भारत-फ्रांस की दोस्ती को अमर बताया।
HighLights
मैक्रों ने पीएम मोदी को हिंदी में दिया संदेश।
भारत-फ्रांस की दोस्ती को बताया अमर और मजबूत।
पीएम मोदी ने यात्रा को सफल, ऐतिहासिक बताया।
डिजिटल डेस्क, पेरिस। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना 6 दिनों का फ्रांस और स्लोवाकिया का महत्वपूर्ण दौरा पूरा करके भारत के लिए रवाना हो गए हैं। इस दौरे के खत्म होने पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने हिंदी में एक वीडियो संदेश जारी कर भारत के साथ अपनी दोस्ती का इजहार किया।
मैक्रों बोले- फ्रांस-भारत की दोस्ती अमर रहे...
पीएम मोदी के दिल्ली रवाना होने के बाद फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने उनके सम्मान में हिंदी भाषा में एक वीडियो मैसेज शेयर किया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि प्रिय मित्र नरेंद्र, आपका नीस, एवियन और पेरिस के दौरे में स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हुई। फ्रांस और भारत की दोस्ती अमर रहे।
अपने वीडियो में मैक्रों ने आगे कहा कि मुझे उम्मीद है यह हिंदी संदेश सही होगा। डियर प्राइम मिनिस्टर इस दोस्ती के लिए आपका धन्यवाद। मैं अगली फरवरी भारत यात्रा आपसे मिलूंगा।
पीएम मोदी ने मैक्रों का जताया आभार
मैक्रों के इस वीडियो संदेश के संदेश के बाद पीएम मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उनका आभार जताया।उन्होंने इस यात्रा को बेहद सफल और ऐतिहासिक बताते हुए फ्रांस सरकार और वहां के लोगों का आभार जताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि सहभागिता और सफल नतीजों के लिहाज से मेरी यह फ्रांस यात्रा बेहद व्यापक और शानदार रही। इस दौरे की शुरुआत 'नीस' शहर से हुई, जहां 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसके बाद मैं 'एवियन' गया, जहां मैंने G7 समिट में हिस्सा लिया।
पीएम मोदी ने कहा कि यात्रा के आखिरी पड़ाव में, मैं पेरिस पहुंचा, जहां मुझे 'विवाटेक 2026' को संबोधित करने का मौका मिला। साथ ही, मैंने वहां एक बड़े भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में हिस्सा लिया और दुनिया भर के बड़े सीईओ से भी मुलाकात की।
और मजबूत होगी भारत-फ्रांस की दोस्ती- पीएम मोदी
उन्होंने आगे लिखा कि इस शानदार स्वागत और गर्मजोशी के लिए मैं विशेष रूप से अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, फ्रांस सरकार और वहां की जनता का दिल से आभार व्यक्त करता हूं। आने वाले समय में भारत और फ्रांस की यह अनमोल दोस्ती और भी ज्यादा मजबूत होगी।
