विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मनीला में पीएम मोदी से मिले राष्ट्रपति ट्रंप, बोले- प्रधानमंत्री बहुत सख्त इंसान हैं

Published: Tue, 17 Nov 2026 04:35 PM (IST)Updated: Tue, 17 Nov 2026 04:57 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनीला में 49वें आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और अन्य क्वाड नेताओं से मुलाकात की।

मनीला में पीएम मनेोदी से मिले ट्रंप (फोटो-रॉयटर्स)

मनीला में पीएम मनेोदी से मिले ट्रंप (फोटो-रॉयटर्स)

HighLights

  1. पीएम मोदी ने मनीला में ट्रंप और क्वाड नेताओं से मुलाकात की।

  2. ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को 'सख्त प्रधानमंत्री' कहकर सराहा।

  3. हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और सहयोग पर जोर दिया गया।

डिजिटल डेस्क, मनीला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और अन्य क्वाड देशों के नेताओं के साथ मुलाकात की।

मीटिंग में जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी शामिल हुए हैं। क्वाड शिखर सम्मेलन के दौरान सभी शीर्ष नेताओं ने एक साथ मंच साझा किया और आधिकारिक फोटो सेशन में हिस्सा लिया।

इस दौरान ट्रंप ने कहा कि नरेंद्र मोदी सख्त प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ भी की।

ट्रंप ने की पीएम मोदी की तारीफ

क्वाड बैठक में पीएम मोदी से मुलाकात के बाद ट्रंप ने कहा वे एक सख्त इंसान हैं। ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की। उन्होंने पीएम मोदी को अपना दोस्त और एक महान नेता बताया, जिनका पूरी दुनिया में सम्मान है।

वहीं पीएम मोदी ने भी कहा कि दोनों नेताओं के बीच अक्सर बातचीत होती है और उनका फोन हमेशा खुला रहता है।

इस मुलाकात के दौरान हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, आर्थिक सुरक्षा और आपसी सहयोग को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।

इससे पहले पीएम मोदी ने 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा था कि हिंद-प्रशांत का भविष्य प्रतिस्पर्धा में नहीं, बल्कि आपसी सहयोग में निहित है।

क्वाड एक भरोसेमंद साझेदारी

क्वाड देशों की बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि भारत के लिए क्वाड एक भरोसेमंद साझेदारी है। समुद्री सुरक्षा, सामान की सप्लाई बनाए रखना, आपदा के समय मदद पहुंचाना और नई तकनीक जैसे मुद्दों पर क्वाड मिलकर काम कर रहा है। हमारी कोशिश है कि इन मामलों में चारों देश मिलकर भरोसेमंद समाधान निकालें।

मनीला और क्वाड का रिश्ता पुराना

क्वाड देशों के नेताओं के साथ मीटिंग में पीएम मोदी ने कहा कि मनीला और क्वाड का रिश्ता खास और काफी पुराना है।

पीएम मोदी ने कहा कि 2007 में चारों देशों के अधिकारी पहली बार यहीं मिले थे। इसके 10 सालों के बाद, 2017 में इसी शहर में हमने फिर से बातचीत शुरू की। उन्होंने कहा कि पिछले साल जनवरी से अब तक हमारे विदेश मंत्री 5 बार मिल चुके हैं. यह हमारी मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति और क्वाड के साथ मिलकर काम करने की साझा प्रतिबद्धता को दिखाता है।

10 महीनों में चीन के बराबर होगा अमेरिका

क्वाड बैठक में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका रेयर अर्थ के उत्पादन में बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। अमेरिका अगले 10 महीनों में रेयर अर्थ उत्पादन में चीन की बराबरी कर लेगा। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरका व्यापक स्तर पर रेयर अर्थ उत्पादन कर रहा है। जिन चीजों की अमेरिका को जरूरत होगी, उनका उप्तादन अगले 10 महीनों में देश के भीतर ही होने लगेगा।

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ही नहीं, भारत और जापान भी तेजी से रेयर अर्थ उत्पादन बढ़ा रहे हैं। तीनों देश इस दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं।

सिंगापुर के पीएम से द्विपक्षीय वार्ता

आसियान सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी के रोडमैप के तहत हुई प्रगति की समीक्षा की।

बैठक में व्यापार और आर्थिक सहयोग, डिजिटलीकरण, रक्षा एवं सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा, कनेक्टिविटी, कौशल विकास, स्थिरता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान समेत आठ प्रमुख क्षेत्रों में साझेदारी को और आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने आसियान की आगामी अध्यक्षता के लिए सिंगापुर को शुभकामनाएं दीं और भारत के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।

पीएम मोदी की थाईलैंड के प्रधानमंत्री से मुलाकात

पीएम मोदी ने आसियान से जुड़ी बैठकों के दौरान थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल से मुलाकात की। मोदी ने उन्हें प्रधानमंत्री पद संभालने पर बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और थाईलैंड पड़ोसी हैं। दोनों देशों के बीच सदियों पुराने ऐताहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध हैं।

दोनों नेताओं ने भारत-थाईलैंड रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की। इसमें व्यापार, रक्षा और सुरक्षा, कनेक्टिविटी और संस्कृति जैसे क्षेत्र शामिल रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।