थाईलैंड: फुकेट के रिसॉर्ट में लगी भीषण आग, 11 लोगों की मौत और 16 घायल
थाईलैंड के फुकेट में एक कमर्शियल बिल्डिंग में लगी भीषण आग से 11 लोगों की मौत हो गई और 16 घायल हो गए।
HighLights
थाईलैंड के फुकेट में एक कमर्शियल बिल्डिंग में लगी आग
घटना में 11 लोगों की मौत, 16 घायल
डिजिटल डेस्क, बैंकॉक। थाईलैंड के दक्षिणी रिसॉर्ट द्वीप फुकेत में एक कमर्शियल बिल्डिंग में भीषण आग लग गई, जिसमें कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को जानकारी देते हुए बताया कि आग सुबह सुबह लगी और तेजी से आस-पास की कई इमारतों में फैल गई, जिसके बाद बड़े पैमाने पर आग बुझाने का अभियान चलाया गया।
स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 3:17 बजे एक ऐसी इमारत में आग लगी, जिसमें वाहनों को किराए पर देने का कारोबार होता था। थाईलैंड के अधिकारियों के अनुसार, दमकलकर्मियों ने लगभग दो घंटे तक आग को बुझाने की कोशिश की, जिसके बाद वे आग पर काबू पाने में सफल रहे।
घटना में शामिल नहीं था कोई भी पर्यटक
पुलिस ने बताया कि 16 घायलों में से 15 थाई नागरिक थे, जबकि एक म्यांमार का रहने वाला था। इस घटना में मारे गए या घायल हुए लोगों में कोई भी पर्यटक शामिल नहीं था।
यह इमारत फुकेट के पश्चिमी तट पर स्थित पातोंग के पास एक कस्बे में है। पातोंग फुकेत के सबसे लोकप्रिय बीच स्थलों में से एक है। ये आग इतनी तेज थी कि इसने आस-पास की इमारत को भी अपनी चपेट में ले लिया है जिसने चिंता बढ़ा दी है।