फिलीपींस के हाईस्कूल में ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप, शूटर समेत तीन की मौत और 8 घायल
दक्षिण फिलीपींस के एक हाई स्कूल में हुई गोलीबारी में हमलावर सहित तीन लोगों की मौत हो गई और आठ ...और पढ़ें
HighLights
दक्षिण फिलीपींस हाई स्कूल में गोलीबारी, हमलावर सहित तीन मरे।
आठ लोग घायल, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जून के बाद स्कूलों में यह तीसरी जानलेवा घटना है।
डिजिटल डेस्क, मनीला। दक्षिण फिलीपिंस के एक हाई स्कूल में गोलीबारी की घटना हुई, गोलीवारी में हमलावर सहित 3 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने मामले की जानकारी देते हुए बताया देश के दक्षिणी हिस्से में जून के बाद हुई गोलीबारी की ये तीसरी घटना है, इससे पहले फिलीपिंस के स्कूलों में इस तरह की कम ही घटनाएं होती थीं।
हमलावर समेत 3 लोगों की मौत
साउथ कोटाबाटो के बांगा शहर के मेयर अल्बर्ट पालेन्सिया ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया, 'इस घटना में 8 लोग घायल हैं, जिनमें से 4 लोगों की हालत गंभीर है। वहीं हादसे में तीन छात्रों की मौत हो गई है।'
हादसे में पीड़ित सभी लोगों की उम्र 14 से 17 साल की है।
कैसे दिया घटना को अंजाम
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक पालेन्सिया ने बताया हमलावर अपने दोस्तों के साथ बैठा था और उसने उनसे घर जाने के लिए कहा। हमलावर ने अपने दोस्तों से कहा, 'लंच के बाद मैं अपने प्लान को अंजाम देने वाला हूं।' उसके दोस्त उसकी इस बात पर हंसने लगे, क्योंकि शूटर काफी मजाकिया स्वाभाव का था। पालेन्सिया ने मामले की जानकारी देते हुए आगे बताया, ' लंच के बाद शूटर ने छात्रों पर गोली चलाना शुरू कर दी और खुद को मारने से पहले उसने 10 छात्रों को गोली मारी।'
जून के बाद तीसरी बड़ी घटना
फिलीपिंस के स्कूलों में गोलीबारी की घटनाएं पहले बहुत कम होती थीं। लेकिन जून के बाद से यह ऐसी तीसरी जानलेवा घटना सामने आई है। पिछले महीने, देश के दक्षिण में ज़ाम्बोआंगा के एक क्लासरूम में एक छात्र ने दूसरे छात्र की गोली मारकर हत्या करने का वीडियो लाइव-स्ट्रीम किया और फिर खुदकुशी कर ली।
इससे पहले जून में टैकलोबन के एक पब्लिक हाई स्कूल में हुए हमले में कम से कम तीन छात्र मारे गए और लगभग 20 लोग घायल हो गए थे। इस हमले में दो सहपाठियों ने कैंपस में गोलीबारी की थी।
शुक्रवार की यह गोलीबारी अगस्त में थाईलैंड में हुई एक हाई-प्रोफाइल घटना के बाद हुई है, जिसमें एक छात्र ने राजधानी बैंकॉक के बाहरी इलाके में स्थित एक स्कूल में अंधाधुंध गोलीबारी की थी।
माता-पिता से गवर्नर की अपील
फिलीपींस में बंदूक रखने के नियम काफी सख्त हैं, जिनमें बैकग्राउंड चेक और मनोवैज्ञानिक जांच की जरूरतें शामिल हैं, हालांकि अवैध हथियार अभी भी चलन में हैं। साउथ कोटाबाटो के गवर्नर रेनाल्डो तमायो ने माता-पिता से अपील की कि वे यह सुनिश्चित करें कि बंदूकें नाबालिगों की पहुंच से दूर रखी जाएं।
तमायो ने बताया, 'हमें हथियार रखने के मामले में जिम्मेदार होने की जरूरत है। खासकर बंदूक मालिकों को ये पक्का करना चाहिए कि नाबालिग की उन तक पहुंच न हो।'उन्होंने फिलींपस के नागरिकों से अपील करते हुए कहा, 'हम ये उम्मीद नहीं कर सकते हैं कि कुछ सुरक्षाकर्मी हजारों छात्रों पर नजर रखेंगे। हमें मिलकर काम करने की जरूरत है क्योंकि ऐसा न करने पर इस समस्या से निपटना हमारे लिए मुश्किल होगा।'
