विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्विट्जरलैंड की जनता ने हथियार निर्यात प्रतिबंधों में ढील को दी मंजूरी, 36 पश्चिमी देशों को बेच सकेगा रक्षा उपकरण

Published: Mon, 30 Nov 2026 04:27 AM (IST)

स्विट्जरलैंड के मतदाताओं ने हथियारों के निर्यात प्रतिबंधों में ढील देने वाले नए उपायों को मंजूरी दे दी है, जिससे देश अब 36 पश्चिमी देशों को रक्षा उपकरण बेच सकेगा।

(यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है)

(यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है)

HighLights

  1. मतदाताओं ने हथियार निर्यात प्रतिबंधों में ढील को मंजूरी दी।

  2. स्विट्जरलैंड 36 पश्चिमी देशों को रक्षा उपकरण बेच सकेगा।

  3. यूक्रेन को हथियार भेजने पर प्रतिबंध जारी रहेगा।

डिजिटल डेस्क, जिनेवा। स्विट्जरलैंड के मतदाताओं ने रविवार को हथियारों के निर्यात में ढील देने वाले नए उपायों को मंजूरी दे दी। इस जनमत संग्रह में देश की तटस्थ परंपरा से जुड़ा मुद्दा शामिल था। स्विट्जरलैंड तटस्थता पर 1907 की हेग संधि का पालन करता है।

इसके तहत वह सशस्त्र संघर्षों में हिस्सा नहीं ले सकता, जब तक कि उस पर सीधे तौर पर खतरा न हो। साथ ही, वह संघर्ष में शामिल किसी भी पक्ष को सैन्य मदद भी नहीं दे सकता।

इस मतदान से सालाना 1.15 अरब डॉलर मूल्य का हथियार निर्यात सुगम होगा। यह हथियार निर्यात समर्थकों के लिए भी राहत की बात है क्योंकि उनका तर्क था कि मौजूदा कानून से घरेलू हथियार उद्योग और यूरोपीय पड़ोसियों के साथ रक्षा सहयोग, दोनों को नुकसान हो रहा था।

स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति जी. पार्मेलिन ने कहा, 'इस संशोधन से संघीय परिषद को अनिश्चित भू-राजनीतिक माहौल में देश के हितों की रक्षा के लिए पहले जैसी गुंजाइश फिर मिलेगी।' अंतिम मतदान नतीजों के मुताबिक, 54.3 प्रतिशत मतदाताओं ने संशोधन का समर्थन किया।

स्विस सरकार के समर्थन वाले इस प्रस्ताव से स्विटजरलैंड 36 पश्चिमी देशों को हथियार भेज सकेगा, भले ही वे संघर्षों में शामिल हों। तटस्थता कानूनों के तहत पहले इसकी अनुमति नहीं थी।

इसके तहत स्विट्जरलैंड उन देशों को भी हथियार बेच सकेगा जो चाहते हैं कि पहले खरीदे गए हथियारों का पुन: निर्यात करने के लिए स्विटजरलैंड की अनुमति लेने की शर्त न हो। प्रतिबंधों में ढील यूक्रेन पर लागू नहीं होगी। उसे स्विस उपकरण सीधे या परोक्ष रूप से मिलने पर रोक जारी रहेगी।

यह जनमत संग्रह स्विस संसद के पिछले वर्ष युद्ध सामग्री के निर्यात पर पाबंदियां कम करने के लिए मतदान के बाद हुआ। इसके बाद देश की प्रत्यक्ष लोकतंत्र की परंपरा के तहत इस प्रस्ताव पर मतदान कराया गया। यूक्रेन में चल रहे युद्ध ने स्विस सरकार को अपने देश की तटस्थता की पुरानी अवधारणा पर फिर से विचार करने के लिए प्रेरित किया था।

हालांकि विरोधियों ने चिंता जताई थी कि प्रतिबंधों में ढील से स्विट्जरलैंड की तटस्थता कमजोर होगी और उसके अधिक हथियार गृह युद्धों में इस्तेमाल हो सकते हैं। नए नियम 2027 की पहली छमाही में लागू किए जाने हैं।

दरअसल, 2023 और 2024 में स्विस हथियारों का निर्यात तेजी से घटा था। इससे स्थानीय हथियार उद्योग और अपनी रक्षा करने की स्विट्जरलैंड की क्षमता को लेकर चिंता बढ़ी थी।

इससे प्रभावित होने वाले निर्माताओं में जर्मनी की राइनमेटल शामिल है, जो स्विट्जरलैंड में ड्रोन-रोधी रक्षा प्रणालियां बनाती है। इनके अलावा फ्रांस का रक्षा समूह थेल्स, छोटे हथियार बनाने वाली कंपनी एसआइजी साउर और 100 से अधिक अन्य कंपनियां भी हैं।

(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।